कानपुर का ग्रीनपार्क 450 करोड़ से होगा कायाकल्प: सांसद

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर का ग्रीनपार्क 450 करोड़ से होगा कायाकल्प: सांसद


कानपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम के पुनर्निर्माण और कायाकल्प से कानपुर को आधुनिक खेल सुविधाओं का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है। करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित नया स्टेडियम आधुनिक सुविधाओं, अंतरराष्ट्रीय मानकों और विश्वस्तरीय तकनीक से लैस होगा। इससे शहर के युवा खिलाड़ियों को भी बेहतर अवसर मिलेंगे। यह बातें शुक्रवार को सांसद रमेश अवस्थी ने कहीं।

सांसद रमेश अवस्थी ने 02 अक्टूबर को ग्रीन पार्क स्टेडियम पहुंचकर पुनर्निर्माण एवं कायाकल्प के लिए प्रस्तावित नए मॉडल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की रूपरेखा, पवेलियन और खेल सुविधाओं से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर अधिकारियों के साथ चर्चा की।

प्रस्तावित परियोजना के तहत ग्रीनपार्क को नए और भव्य स्वरूप में विकसित किया जाएगा। इसमें आधुनिक खेल सुविधाओं के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर की व्यवस्थाएं विकसित करने की योजना है। निरीक्षण के दौरान परियोजना से जुड़े तकनीकी और खेल सुविधाओं के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी ली गई।

सांसद ने कहा कि ग्रीनपार्क कानपुर की ऐतिहासिक पहचान का हिस्सा है। इसके कायाकल्प से स्टेडियम को नई पहचान मिलने के साथ शहर के खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। परियोजना पूरी होने के बाद ग्रीन पार्क के माध्यम से कानपुर की खेल गतिविधियों को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान क्रीड़ा अधिकारी कर्मवीर सिंह समेत खेल विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story