संत रविदास जी महाराज की रज कलश यात्रा पहुंची कानपुर, भव्य स्वागत
कानपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, काशी से आई पवित्र रज कलश यात्रा समाज में समरसता, समानता और संत रविदास जी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। यह बातें गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहीं।
सीर गोवर्धनपुर, काशी से कानपुर पहुंची पवित्र रज कलश यात्रा का नवीन मार्केट स्थित भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित के नेतृत्व में ढोल-ताशों, पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान संत रविदास महाराज की जय और भारत माता की जय के उद्घोष से पूरा परिसर गूंज उठा।
स्वागत समारोह के बाद सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ रज कलश यात्रा ईदगाह चौराहा स्थित संत रविदास मंदिर के लिए रवाना हुई। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया।
संत रविदास मंदिर पहुंचने पर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती के बाद रज कलश की स्थापना कराई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने संत रविदास जी महाराज के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि रज कलश को कानपुर की सभी विधानसभाओं, मंडलों और बूथों तक ले जाया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोग संत रविदास जी महाराज के जीवन, शिक्षाओं और समरसता के संदेश से प्रेरणा प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में यात्रा संयोजक धीरज बाल्मीकि, महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा, अनुराग शर्मा, जन्मेजय सिंह, अभिनव दीक्षित, अवधेश सोनकर, शिवांग मिश्रा, सीमा, विजय वर्मा, किरण तिवारी, शालिनी कटियार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

