देवरिया में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय का भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं संग सुनी 'मन की बात'

WhatsApp Channel Join Now

देवरिया, 26 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के प्रथम देवरिया आगमन पर रविवार को चाैरा चौरी स्थित पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने की, जबकि संचालन कृष्णनाथ राय ने किया। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात का प्रसारण सुना। भाजपा किसान मोर्चा की ओर से मोटे अनाज को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मड़ुआ (रागी) का हलवा अतिथियों और पदाधिकारियों को परोसा गया।

विनोद राय ने कहा कि 'मन की बात' केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देने वाला सशक्त माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज सेवा और संगठन को मजबूत बनाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में संत रविदास की जयंती के अवसर पर संत रविदास के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने उनके समता, सामाजिक सद्भाव और मानवता के संदेश को अपनाने पर बल दिया।

सदर सांसद शशांक मणि, पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा और एमएलसी डॉ. रतनपाल सिंह ने संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक विस्तार तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने कार्यकर्ताओं से आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लेने को कहा।

कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर परिचय प्राप्त किया। पूर्व पदाधिकारियों को सम्मानित किया तथा डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम को पूर्ण करने का आग्रह किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद तिवारी, विधायक दीपक मिश्रा शाका, पूर्व विधायक डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story