जौनपुर में ‘न्याय समागम 2.0’ का भव्य आयोजन, दिव्यांगों को ट्राई साइकिल और श्रमिकों को मिले चेक

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर में ‘न्याय समागम 2.0’ का भव्य आयोजन, दिव्यांगों को ट्राई साइकिल और श्रमिकों को मिले चेक


जौनपुर, 01 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में दीवानी न्यायालय परिसर में रविवार को मेगा एवं वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर ‘न्याय समागम 2.0’ का भव्य आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टाल लगाकर लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ वितरित किया गया। दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल, श्रमिकों को चेक और किसानों को सम्मान निधि प्रदान की गई। वहीं, कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक किसान को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी गई।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर आयोजित शिविर का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशील कुमार शशि ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुशील कुमार सिंह की देखरेख में हुआ। संचालन न्यायिक अधिकारी शुभम शुक्ला ने किया।

इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने उद्यान, स्वास्थ्य, कृषि, महिला कल्याण सहित विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की पात्रता और लाभार्थियों को दिए जा रहे लाभों की जानकारी ली। आईसीडीएस विभाग के स्टाल पर बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।

शिविर में दिव्यांगजन कल्याण विभाग की ओर से दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल वितरित की गई। श्रम विभाग ने विभिन्न हितकारी योजनाओं के तहत श्रमिकों को चेक प्रदान किए। जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र की ओर से लाभार्थियों को आर्थिक सहायता के चेक दिए गए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को लाभान्वित किया गया। वहीं, विद्युत एवं शिक्षा विभाग की ओर से भी पात्र लाभार्थियों को चेक प्रदान किए गए। उद्यान विभाग ने किसानों एवं अन्य लाभार्थियों को बीज और फलदार पौधे वितरित किए।

शिविर का प्रमुख आकर्षण कृषि विभाग की सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना रही। इसके तहत जनपद न्यायाधीश सुशील कुमार शशि ने लाभार्थी अजय कुमार को ट्रैक्टर की चाबी सौंपकर योजना का लाभ प्रदान किया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार यादव, पशुपति नाथ मिश्रा, रूपाली सक्सेना, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्वेता यादव, सौरभ श्रीवास्तव, जेब रऊफ, अनुज कुमार जौहर, अदिति श्रीवास्तव सहित अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770764 Articles

Share this story