औरैया श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ, निकली कलश यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
औरैया श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ, निकली कलश यात्रा


औरैया, 18 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल क्षेत्र के गांव जलूपुर स्थित मटर प्लांट के पास सोमवार को श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धार्मिक माहौल को भक्तिमय बना दिया। पूरे गांव में जयघोष और भजन-कीर्तन से वातावरण गूंज उठा।

कलश यात्रा के दौरान महिलाएं पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश रखकर चल रही थीं। यात्रा गांव के प्रमुख मंदिरों और गलियों से होकर निकली तथा अंत में कथा स्थल पहुंचकर संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। धार्मिक आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कथा वाचक पंडित आचार्य राम नरेश पाण्डेय रथ पर सवार होकर कलश यात्रा के साथ चल रहे थे। उन्होंने श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि भागवत कथा मनुष्य को धर्म, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। कथा श्रवण से मन को शांति और जीवन को नई दिशा प्राप्त होती है।

इस दौरान परीक्षित श्रीमती राजेश्वरी एवं रामबाबू बाथम सिर पर पोथी रखकर कलश यात्रा के अग्रभाग में चल रहे थे। आयोजन में रसद और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी ग्रामीणों एवं समिति के सदस्यों द्वारा संभाली गई।

आयोजकों ने बताया कि सप्ताह भर चलने वाली श्रीमद्भागवत कथा में प्रतिदिन धार्मिक प्रवचन, भजन-कीर्तन एवं प्रसाद वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से लोकेश बाथम, राजेंद्र कुशवाह, मनोज तोमर, रिंकू कश्यप, केशव, सीलू पाल, अवध पाल, किट्टू, सोनू पाल, विनोद पाल, मेहरवान यादव, महाराज सिंह यादव, अल्ला तथा छोटे कठेरिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story