दीनदयाल धाम (परखम) में संघ शिक्षा वर्ग का भव्य समापन समारोह संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
दीनदयाल धाम (परखम) में संघ शिक्षा वर्ग का भव्य समापन समारोह संपन्न


युवाओं में सेवा और राष्ट्रभक्ति की भावना जगाते हैं संघ शिक्षा वर्ग: जिला पंचायत अध्यक्षजिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने प्रशिक्षण शिविर का अवलोकन कर लिया देश सेवा का संकल्प

मथुरा, 12 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ब्रज प्रान्त द्वारा आयोजित संघ शिक्षा वर्ग -सामान्य (महाविद्यालय विद्यार्थी एवं तरुण व्यवसायी) का शुक्रवार शाम भव्य समापन समारोह दीनदयाल धाम स्थित गौ अनुसंधान केंद्र, परखम (फरह) में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मथुरा के जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने प्रमुखता से भाग लिया। उन्होंने स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण शिविर का बारीकी से अवलोकन किया और युवाओं के अनुशासन व समर्पण को देखकर राष्ट्र निर्माण का संकल्प लिया।

समापन समारोह के दौरान पूरा परिसर राष्ट्र निर्माण, संगठन और संस्कारों से ओतप्रोत नजर आया। इस वर्ग का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालयों के विद्यार्थियों और युवा व्यवसायियों में अनुशासित जीवन, समाज के प्रति जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता की भावना विकसित करना था। शिविर के समापन पर स्वयंसेवकों द्वारा विभिन्न साहसिक शारीरिक और बौद्धिक प्रदर्शन भी किए गए, जिसने वहां उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

प्रशिक्षण शिविर का अवलोकन करने के पश्चात अपने विचार व्यक्त करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवा पीढ़ी में सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने कहा आज के प्रेरणादायी वातावरण का अनुभव करने का सौभाग्य मुझे प्राप्त हुआ है। वर्तमान समय में देश के विकास के लिए युवाओं का चरित्रवान, संस्कारी और अनुशासित होना अत्यंत आवश्यक है। संघ की यह शिक्षा युवाओं को समाज और देश के प्रति समर्पित होने की नई दिशा देती है।

कार्यक्रम के अंत में दीनदयाल धाम के इस पावन परिसर में जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी सहित उपस्थित समस्त जनसमूह और प्रबुद्ध जनों ने देश सेवा और समाज कल्याण का सामूहिक संकल्प लिया। आयोजन की अभूतपूर्व सफलता और युवाओं के जोश को देखकर पूरे प्रांगण में उपस्थित लोगों ने हर्ष व्यक्त किया और भारत माता की जय के नारों से परिसर गुंजायमान हो उठा। इस शिविर में बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ-साथ स्वयं सेवक, प्रशिक्षणर्थीगण मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story