मुरादाबाद : विकास कार्यों के ऑडिट की अंतिम रिपोर्ट संबंधित विभागों को नहीं मिली, फिर होगा अंकेक्षण

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद : विकास कार्यों के ऑडिट की अंतिम रिपोर्ट संबंधित विभागों को नहीं मिली, फिर होगा अंकेक्षण


145 ग्राम पंचायतों से खर्च की गई राशि के बिल-वाउचर मांगे गए

मुरादाबाद, 15 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में वर्ष 2020-21 में ग्राम पंचायतों में कराए गए विकास कार्यों का दोबारा ऑडिट कराया जाएगा। इसके लिए जिला लेखा परीक्षा विभाग ने 145 ग्राम पंचायतों से खर्च की गई राशि के बिल वाउचर उपलब्ध कराने को कहा है।

जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक शर्मा के अनुसार, नौ-दस महीने पहले भी इन ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों का ऑडिट कराया गया था, लेकिन अब तक उसकी अंतिम रिपोर्ट संबंधित विभागों को नहीं मिल पाई है। अब जिला लेखा परीक्षा अधिकारी ने वर्ष 2020-21 में कराए गए विकास कार्यों के अभिलेखों की दोबारा जांच के लिए सभी संबंधित दस्तावेज मांगे हैं। विकास कार्यों पर जो भी धनराशि व्यय की गई है, उससे संबंधित बिल-वाउचर दोबारा मांगे गए हैं। इनमें 31 ग्राम पंचायतों के बिल जमा हो चुके हैं। शेष 114 ग्राम पंचायतों के अभिलेख अभी तक नहीं मिले हैं। सचिवों से जल्द अभिलेख उपलब्ध कराने को कहा गया है।

इधर, इतने पुराने अभिलेखों को दोबारा उपलब्ध कराने ग्राम प्रधानों और सचिवों के सामने समस्या खड़ी हो गई है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story