गवर्नमेंट पेंशनर्स एसोसिएशन की बैठक में अध्यक्ष हुए सम्मानित
-80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनर्स हुए पुरस्कृत
प्रयागराज, 09 मई (हि.स)। विकास भवन में शनिवार को गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक पूर्व मंडालयुक्त एवं एसोसिएशन के अध्यक्ष आर एस वर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष को राष्ट्रीय स्तर पर लोक प्रशासन एव समाज सेवा के क्षेत्र में ‘भारत प्रतिभा सम्मान परिषद द्वारा भारत प्रतिभा सम्मान 2026’ से सम्मानित किये जाने और वर्ल्ड कल्चरल एन्ड एनवायर्मेंट प्रोटेक्शन कमीशन द्वारा ‘भारत गौरव रत्न पुरस्कार’ दिए जाने पर सदस्यों द्वारा उनका स्वागत एवं उन्हें सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सदस्यों ने कहा कि श्री वर्मा के साथ उनकी पत्नी रेखा वर्मा भी सम्मानित हुई, जो पूरे एसोसिएशन के लिए गर्व की बात है। इसके अतिरिक्त 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनर ध्रुव शुक्ला जो किसी कारणवश वार्षिकोत्सव में नहीं उपस्थित हो सके थे, उन्हें भी शाल, मोमेंटो, गीता, प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही एसोसिएशन में उत्कृष्ट कार्य के लिए सर्वेश कुमार मिश्रा, अरुण कुमार, अरविंद जायसवाल और उमा कौशिक को पुरस्कृत किया गया।
बैठक में आठवें वेतन आयोग में भेजे जा रहे मेमोरेंडम पर भी विचार हुआ। प्रमुख रूप से मेमोरेंडम में पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, फिटमेंट फैक्टर 3.833 लागू करने, पेंशन में हर 5 वर्ष में 5 प्रतिशत बढ़ाने अर्थात 65 वर्ष की आयु पर 5 प्रतिशत, 70वर्ष पर 10 और 75 वर्ष की आयु पर 15 प्रतिशत बढ़ाने या प्रत्येक वर्ष 1 प्रतिशत पेंशन बढ़ाने की, सेवनिवृतिक लाभ-अर्जित अवकाश के नकदीकरण की सीमा बढ़ाकर 600 दिन करने, राशिकरण कि अवधि 15 वर्ष से घटा कर 10 वर्ष 8 माह किये जाने, वित्तीय एक्ट 2025 को संशोधित करते हुए या उसका बिना प्रतिकूल प्रभाव डालते हुए पुराने और नये पेंशनर्स को समान रूप से लाभ दिए जाने हेतु संस्तुति किये जाने आदि की मांग की गई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री से शीघ्र जनवरी 2026 से बढ़े महंगाई भत्ता, राहत का शासनादेश जारी कराने की अपील की गई।
बैठक में इस बात पर भी चिंता की गई कि पेंशनर्स दिवस 17 दिसम्बर 2025 को पेंशनर्स द्वारा उठाई गई समस्याओं पर लगभग 4 माह व्यतीत हो जाने पर भी अभी तक लगभग किसी भी विभागों द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई है। इसके अतिरिक्त माह अप्रैल और मई में जन्में सदस्यों को सम्मानित किया गया। बैठक में प्रमुख रूप से डॉ पीके सिन्हा, डॉ वीके श्रीवास्तव, सर्वेश कुमार मिश्रा, भगवती प्रसाद, आरडी कुशवाहा, मनमोहन सिह, फरहाना सिद्दीकी, गीता सिंह, सुशील श्रीवास्तव, राजेश यादव, योगेन्द्र पांडे, परशुराम मौर्या, अरविंद जायसवाल, उमा कौशिक, साधु शरण उपाध्याय, ईश्वर लाल, संतोष श्रीवास्तव, वेद प्रकाश आदि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

