मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की दो नई टाउनशिप गोविंदपुरम-2 और सह्याद्रि-2 रेरा में पेश
मुरादाबाद, 15 जुलाई (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर में नियोजित आवासीय कॉलोनियों की बढ़ती मांग के बीच मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने दो नई टाउनशिप लॉन्च करने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ा दिया है। प्राधिकरण ने गोविंदपुरम-2 और सह्याद्रि-2 परियोजनाओं का प्रस्ताव रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (रेरा) को मंजूरी के लिए भेज दिया है। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के अनुसार अब रेरा की स्वीकृति मिलते ही दोनों योजनाओं की औपचारिक लॉन्चिंग कर भूखंडों की बिक्री शुरूकर दी जाएगी।
एमडीए इस बार नई योजना शुरू करने के बजाए अपनी सफल आवासीय परियोजनाओं का विस्तार कर रहा है। गोविंदपुरम-2 को 45 एकड़ और सह्याद्रि-2 को 55 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। दोनों योजनाओं का लेआउट और अन्य औपचारिकताएं लगभग पूरी हो चुकी हैं। फिलहाल रेरा की मंजूरी का इंतजार है। अधिकारियों के अनुसार स्वीकृति मिलते ही भूखंडों की संख्या, आकार, आरक्षित श्रेणियां और कीमतें आवाजाना या प्रक्रिया की जाएगी। दोनों टाउनशिप में आवासीय के साथ व्यावसायिक भूखंड भी प्रस्तावित हैं।
प्राधिकरण इन योजनाओं में चौड़ी सड़कें, भूमिगत बिजली नेटवर्क, सीवर और जल निकासी व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, पार्क, ग्रीन बेल्ट और अन्य आधुनिक नागरिक सुविधाएं विकसित करेगा। उद्देश्य लोगों को व्यवस्थित और नियोजित आवासीय वातावरण उपलब्ध कराना है।
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुभव सिंह ने बताया कि गोविंदपुर और सह्याद्रि की पहली परियोजनाओं में मिले बेहतर परिणाम के कारण ही उनका विस्तार किया जा रहा है। रेरा से हरी झंडी मिलते ही दोनों नई टाउनशिप बाजार में उतार दी जाएंगी। इससे शहर में नियोजित आवासीय भूखंडों की उपलब्धता बढ़ेगी और लोगों को निवेश के नए अवसर भी मिलेंगे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

