कृषि विवि में महिलाओं से बोली राज्यपाल, मैं भी किसान की बेटी



मेरठ, 19 मार्च (हि.स.)। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के प्रसार निदेशालय द्वारा रविवार को ’महिलाओं के सशक्तीकरण हेतु हुनर से रोजगार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने भाग लिया। राज्यपाल ने महिलाओं की मेहनत को सराहते हुए कहा कि मैं भी किसान की बेटी हूं। मैंने सुबह चार बजे उठकर खेतों में काम किया। जीरा निकालती और पढ़ाई भी करती थी।

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने महिलाओं के सशक्तीकरण हेतु हुनर से रोजगार कार्यक्रम का शुभारंभ किया। राज्यपाल ने कहा कि महिलाएं धीरे-धीरे करके घर से बाहर निकल रही है। अब महिलाओं को मार्गदर्शन की आवश्यकता नहीं है, वे स्वयं ही आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2023 को मिलेट्स वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है, लेकिन महिलाओं ने तो मोटे अनाज को उगाना, बेचना, बनाना, खिलाना भी शुरू कर दिया है। अब महिलाओं को आगे बढ़ता देखकर खुशी महसूस होती है। मेहनतकश महिलाओं से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी बेटियां आज अपना कौशल दिखा रही हैं। हमारी माताएं भले अशिक्षित हो, लेकिन वे भी घर से निकलकर अपनी आर्थिक स्थिति को सुधार रही हैं। मैं खुद किसान की बेटी हूं। 25 साल तक सुबह चार बजे उठकर खेतों में काम किया है। जीरा निकालती थी और पढ़ाई भी करती थी। 2002 में गुजरात की शिक्षा मंत्री रहने के दौरान सेंसस रिपोर्ट आई तो पता चला कि 78 प्रतिशत पुरुष और 50 प्रतिशत महिलाएं पढ़ी हैं। तब हमने उन्हें पढ़ाने का प्रयास किया।

राज्यपाल ने कहा कि उप्र में 32 विश्वविद्यालय है, लेकिन जब मैं विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में जाकर मेडल देती हूं तो 80 प्रतिशत मेडल लड़कियां ले जाती हैं। जबकि प्राइवेट स्कूल में जिस बेटे को दोगुनी फीस भरकर पढ़ाया जाता है, वो विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडल में दिखाई नहीं देते। राज्यपाल ने बेटा-बेटी को समान शिक्षा समान पालन पोषण देने का संदेश दिया। राज्यपाल ने गुजरात के सखी मंडल का उदाहरण देते हुए कहा कि आज पति से ज्यादा सखी मंडल की महिलाएं कमाती हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने के बाद हर घर में शौचालय है। महिलाओं की इज्जत बढ़ी है। ग्राम प्रधान गांव में सुंदर काम कर रही हैं। इस दौरान राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने मेहनकश महिलाओं को सम्मानित किया। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं की मेहनत को सराहा।

राज्यपाल के साथ प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, प्रदेश के राज्य मंत्री केपी मलिक ने महिलाओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में स्टॉलों का अवलोकन किया और उनकी मेहनत को सराहा। प्रदर्शन में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने हाथों से तैयार उत्पादों को प्रदर्शित किया है। इस प्रदर्शनी में जलकुंभी से डलिया बनाने, फल सब्जी उगाने, गाय के गोबर से आकृतियां बनाना, मसालों की पैकिंग, अगरबत्ती मेकिंग, मशरूम उत्पादक और मोमबत्ती निर्माता महिलाएं अपने द्वारा तैयार उत्पादों को लेकर पहुंचीं। खेतों में दवाओं का छिड़काव करने के लिए ड्रोन तैयार किए गए हैं। प्रदर्शनी में रखे इन ड्रोन को राज्यपाल और कृषि मंत्री और राज्यपाल ने देखा। उन्होंने ड्रोन को उड़वा कर भी देखा। इस दौरान कृषि विवि के कुलपति डॉ. केके सिंह, सीसीएसयू की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला, प्रो. आरएस सेंगर, वितुल सिंह आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story