आध्यात्मिक आयोजनों से सनातन मूल्यों व परम्परा से जुड़ने का मिलता है अवसर : राज्यपाल

WhatsApp Channel Join Now
आध्यात्मिक आयोजनों से सनातन मूल्यों व परम्परा से जुड़ने का मिलता है अवसर : राज्यपाल


आध्यात्मिक आयोजनों से सनातन मूल्यों व परम्परा से जुड़ने का मिलता है अवसर : राज्यपाल


रायबरेली,14सितम्बर(हि. स.)।उत्तर प्रदेश के रायबरेली ज़िले में चड़रई टोल प्लाजा के पास चल रही श्री शिवमहापुराण कथा के चौथे दिन सोमवार को प्रदेश की राज्यपाल आंनदी बेन पटेल भी पहुंचीं। इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों से लोगों को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं एवं सनातन मूल्यों से जुड़ने का अवसर प्राप्त होता है। आज यहां उपस्थित होकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने कहा कि जब भी उन्हें समय मिलता था, तब वह टीवी के माध्यम से परम पूज्य पं. प्रदीप मिश्रा की कथा का श्रवण करती थीं। आज प्रत्यक्ष रूप से इस पावन स्थल पर उपस्थित होकर उनकी कथा सुनने तथा आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिला, यह उनके लिए अत्यंत सुखद एवं सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत पवित्र एवं आध्यात्मिक स्थल है, जहां बड़ी संख्या में साधु-संत विराजमान हैं और लाखों की संख्या में श्रद्धालु एकत्र होकर श्री शिव महापुराण कथा का श्रवण कर रहे हैं व आध्यात्मिक लाभ एवं संतों का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। राज्यपाल का कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने अंगवस्त्र व बेलपत्र देकर सम्मान किया। कथा के आयोजक व उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय द्वारा राज्यपाल को साल एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर स्वागत किया गया।

राज्यपाल ने श्री शिव महापुराण कथा के भव्य एवं पावन आयोजन के लिए मनोज कुमार पाण्डेय की सराहना करते हुए उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं। उल्लेखनीय है कि श्री शिवमहापुराण कथा में विशिष्ट अतिथियों के आने का क्रम जारी है। सोमवार को भी राज्यपाल सहित मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल,केंद्रीय मंत्री व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी,प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वंतत्रदेव सिंह,राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह,नितिन अग्रवाल,राकेश राठौर,प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अर्पणा यादव सहित कई विधायक भी शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

Share this story