पंच दिवसीय समारोह का हिमांचल प्रदेश के राज्यपाल ने किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
पंच दिवसीय समारोह का हिमांचल प्रदेश के राज्यपाल ने किया उद्घाटन


श्रीधाम वृन्दावन भगवान श्रीकृष्ण और उनकी आल्हादिनी शक्ति स्वरूपा श्रीराधा रानी की लीला भूमि है: कविंदर गुप्ता

मथुरा, 18 नवम्बर(हि.स.)। बुधवार वृन्दावन स्थित नवनिर्मित दयाराम बद्री केदार आश्रम का पंच दिवसीय भव्य उद्घाटन एवं मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव अत्यन्त श्रद्धा एवं हर्षाेल्लास के साथ प्रारम्भ हो गया है। दयाराम चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव का शुभारंभ प्रातः काल गाजे-बाजे के मध्य निकाली गयी भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। तत्पश्चात महोत्सव में मुख्य अतिथि हिमांचल प्रदेश के महामहिम राज्यपाल कविंदर गुप्ता, पूज्य सद्गुरुदेव पूर्व प्राचार्य डॉ. राम कृपालु त्रिपाठी महाराज एवं विशिष्ट अतिथि बिन्दु गुप्ता ने वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य दीप प्रज्ज्वलित करके एवं रिबन काटकर आश्रम का उद्घाटन किया। इसके साथ ही वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा देव पूजन व 108 ब्राह्मणों द्वारा सहस्र चंडी पाठ भी प्रारंभ हुआ।

राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने कहा कि श्रीधाम वृन्दावन भगवान श्रीकृष्ण और उनकी आल्हादिनी शक्ति स्वरूपा श्रीराधा रानी की लीला भूमि है। यहां भागवत प्रवक्ता आचार्य कमल नयन महाराज द्वारा आश्रम की स्थापना की गई है, वो अति प्रशंसनीय है। हमें विश्वास है कि आश्रम द्वारा संचालित सभी सेवा प्रकल्पों से विश्वभर में भारतीय वैदिक सनातन संस्कृति का परचम लहराया जायेगा।

सदगुरुदेव डॉ. राम कृपालु त्रिपाठी महाराज ने कहा कि आश्रम के संस्थापक अध्यक्ष ने संकल्प लिया है कि विश्वभर में चहुमुखी कुठाराघात झेल रहे सनातन धर्म और भारतीय वैदिक संस्कृति को पुनः स्थापित करने हेतु जीवन भर प्रयासरत रहेंगे। इस अवसर पर संयोजक आचार्य युगल किशोर कटारे, आचार्य मंगेश दुबे, मीडिया प्रभारी डॉ. राधाकांत शर्मा, अंकित भैया आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779456 Articles

Share this story