राज्यपाल ने जन भवन स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को वितरित की स्कूल यूनिफॉर्म

WhatsApp Channel Join Now
राज्यपाल ने जन भवन स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को वितरित की स्कूल यूनिफॉर्म


लखनऊ, 24 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शुक्रवार को जन भवन, लखनऊ स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म वितरित की। यह स्कूल यूनिफॉर्म राज्यपाल की प्रेरणा से प्रतापगढ़ के सांसद एस.पी. सिंह पटेल के सौजन्य से उपलब्ध कराई गई।

उल्लेखनीय है कि एक जुलाई को भी विद्यालय के 109 विद्यार्थियों को दो-दो जोड़ी स्कूल यूनिफॉर्म वितरित की गई थी। विद्यार्थियों का चयन उनकी नियमित विद्यालय उपस्थिति के आधार पर किया गया था, ताकि अन्य विद्यार्थी भी नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित हों। आज का यूनिफॉर्म वितरण उसी क्रम की अगली कड़ी है।

राज्यपाल की पहल पर विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को चरणबद्ध रूप से स्कूल यूनिफॉर्म उपलब्ध कराई जा रही है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा से निरंतर जोड़े रखना, नियमित विद्यालय उपस्थिति को प्रोत्साहित करना तथा यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक या सामाजिक कारणों से कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

राज्यपाल के मार्गदर्शन में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं तथा समाज के विभिन्न वर्गों के सहयोग से शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास से संबंधित अनेक जनकल्याणकारी गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ना है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय

Share this story