धरना-प्रदर्शन और रैलियों से नहीं बदलतीं सरकारें : कमलेश पासवान

WhatsApp Channel Join Now
धरना-प्रदर्शन और रैलियों से नहीं बदलतीं सरकारें : कमलेश पासवान


जौनपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि धरना-प्रदर्शन और रैलियों से सरकारें नहीं बदलतीं, बल्कि जनता की नाराजगी और उसके फैसले से सरकार बदलती है। कांग्रेस और विपक्ष के कहने से सरकारें नहीं बनतीं।

वह शनिवार को मुंगराबादशाहपुर के सतहरिया स्थित शुभम पैलेस में बिजली पासी सेवा समिति की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। डॉ. सूरज पासी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री का स्वागत किया गया। विधान परिषद चुनाव में भाजपा को छह सीटें मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में इससे पहले भी समाजवादी पार्टी का उम्मीदवार जीत चुका है। इस बार सपा को एक सीट अधिक मिली है, इससे ज्यादा कुछ नहीं है।

प्रदेश सरकार के कामकाज और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में उत्तर प्रदेश में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। सरकार की गरीब कल्याणकारी योजनाएं गांव-गांव और घर-घर तक पहुंची हैं। इसी काम के आधार पर भाजपा वर्ष 2027 में एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाएगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770142 Articles

Share this story