गेहूं की सरकारी खरीद 15 जून तक होगी : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
गेहूं की सरकारी खरीद 15 जून तक होगी : जिलाधिकारी


कानपुर, 03 जून (हि.स.)। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को घाटमपुर मंडी परिसर स्थित गेहूं क्रय केंद्र की जांच कर जायजा लिया। उन्होंने किसानों के पंजीकरण, तौल व्यवस्था, भुगतान प्रक्रिया तथा केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद के अंतिम चरण में किसी भी किसान को असुविधा न हो और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि गेहूं खरीद की अवधि 15 जून तक निर्धारित है और जिन किसानों ने अभी तक अपना गेहूं नहीं बेचा है, वे सरकारी क्रय केंद्रों पर विक्रय कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी ने किसानों से अधिकृत सरकारी क्रय केंद्रों का उपयोग करने तथा समर्थन मूल्य योजना का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story