बारिश से प्रभावित व्यापारियों और उद्यमियों को तत्काल राहत दे सरकार : पवन गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
बारिश से प्रभावित व्यापारियों और उद्यमियों को तत्काल राहत दे सरकार : पवन गुप्ता


कानपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। बारिश से प्रभावित व्यापारियों और उद्यमियों का तत्काल सर्वे कराकर सरकार उन्हें उचित मुआवजा और आर्थिक राहत उपलब्ध कराये। यह बातें रविवार को कानपुर महानगर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता ने तिलक हाल में आयोजित बैठक में कहीं।

लगातार हुई भारी बारिश के बाद शहर के कई औद्योगिक और व्यापारिक क्षेत्रों में जलभराव से व्यापार और उद्योग प्रभावित हुए हैं। इस मुद्दे को लेकर कानपुर महानगर कांग्रेस ने तिलक हाल में जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में बैठक आयोजित की। बैठक में दादा नगर, पनकी औद्योगिक क्षेत्र, फजलगंज, साइट नंबर-1, साइट नंबर-2, गुमटी नंबर-5, कल्याणपुर, जाजमऊ सहित विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं पर चर्चा की गई।

बैठक में व्यापारियों ने बताया कि जलभराव के कारण कच्चा माल, तैयार माल, मशीनरी तथा दुकानों और कारखानों में रखा सामान खराब हो गया है। कई स्थानों पर उत्पादन और आवागमन भी प्रभावित हुआ है, जिससे व्यापारियों और उद्यमियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कांग्रेस ने आशंका जताई कि नुकसान करोड़ों रुपये तक पहुंच सकता है।

जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता ने मुख्यमंत्री से मांग की कि बारिश से प्रभावित व्यापारियों और उद्यमियों का तत्काल सर्वे कराया जाए तथा उन्हें उचित मुआवजा और आर्थिक राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नाले-नालियों की सफाई, जल निकासी और ड्रेनेज व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कानपुर के व्यापारी और उद्यमी शहर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। ऐसे समय में सरकार को उनके साथ खड़े होकर शीघ्र राहत पैकेज की घोषणा करनी चाहिए।

बैठक में पदम मोहन मिश्रा, रितेश यादव, रवि बाजपेई, अजय तिवारी, राकेश साहू, ध्रुव नारायण तिवारी, धर्मेंद्र सिंह, दिनेश सिंह, अकील कुरैशी, इम्तियाज अहमद सिद्दीकी सहित अन्य पदाधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story