भरत तिवारी एनकाउंटर प्रकरण की न्यायिक जांच कराए सरकार : राकेश पांडेय

WhatsApp Channel Join Now
भरत तिवारी एनकाउंटर प्रकरण की न्यायिक जांच कराए सरकार : राकेश पांडेय


कानपुर, 23 जून (हि.स.)। बिहार में भरत तिवारी के कथित पुलिस एनकाउंटर की निष्पक्ष और न्यायिक जांच कराई जानी चाहिए। यदि जांच में कोई पुलिसकर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जा सकता और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए। यह बातें मंगलवार को अखंड ब्राह्मण सेवा समिति भारतवर्ष के प्रदेश अध्यक्ष राकेश पांडेय ने कहीं।

अखंड ब्राह्मण सेवा समिति भारतवर्ष के पदाधिकारियों ने आज जिलाधिकारी कार्यालय में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी दलजीत सिंह के माध्यम से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को संबोधित मांग पत्र सौंपकर समिति ने बिहार में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग उठाई।

प्रदेश अध्यक्ष राकेश पांडेय ने कहा कि पूरे मामले को लेकर समाज के लोगों में कई तरह की संकाये हैं। ऐसे में सच्चाई सामने लाने के लिए किसी स्वतंत्र एजेंसी अथवा न्यायिक जांच कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें और किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न हो।

ज्ञापन में मांग की गई कि यदि जांच के दौरान संबंधित पुलिस अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ हत्या सहित अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर विधिक कार्रवाई की जाए। समिति ने केंद्र और राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान समिति के कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story