दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार बने संवेदनशील : वीरेन्द्र कुमार

WhatsApp Channel Join Now
दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार बने संवेदनशील : वीरेन्द्र कुमार


कानपुर, 15 मार्च (हि.स.)। दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार व प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए। पेंशन, रोजगार, आवास और आवश्यक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निस्तारण होना जरूरी है, ताकि दिव्यांगजन सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें। यह बातें रविवार को राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने कहीं।

राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी की ओर से रविवार को शास्त्री नगर स्थित बड़ा सेंट्रल पार्क में दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान के लिए शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दूर-दराज से आए दिव्यांगजनों ने अपनी विभिन्न समस्याएं दर्ज कराईं। सबसे अधिक शिकायतें पेंशन न मिलने को लेकर सामने आईं। इसके अलावा गैस सिलेंडर न मिलने, रोजगार के लिए ऋण, आवास, आय प्रमाण पत्र न बनने तथा रेलवे यूनिक कार्ड न बनने जैसी समस्याएं भी दिव्यांगजनों ने उठाईं।

इस दौरान कई दिव्यांगजन गैस सिलेंडर उपलब्ध न होने की समस्या लेकर शिविर में पहुंचे। इस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी से वार्ता कर दिव्यांगजनों को बिना लंबी लाइन में लगे गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि अन्य सभी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों से मिलकर उचित कार्रवाई कराई जाएगी।

शिविर में राहुल कुमार, अल्पना कुमारी, अरविन्द सिंह, गुड्डी दीक्षित, वैभव दीक्षित, गोमती वर्मा, गौरव कुमार, रंजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story