नीट अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध : शिवांग मिश्रा
कानपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। नीट समेत सभी प्रतियोगी परीक्षाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। विद्यार्थियों के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यह बातें शुक्रवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष शिवांग मिश्रा ने कहीं।
युवा मोर्चा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष शिवांग मिश्रा के नेतृत्व में काकादेव स्थित विभिन्न कोचिंग संस्थानों में नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और शिक्षकों से संपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान ओमेगा कोचिंग संस्थान में भी पदाधिकारियों ने छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और परीक्षा व्यवस्था को लेकर सुझाव लिए।
शिवांग मिश्रा ने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार युवाओं के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि हाल के समय में प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए उन्हें रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि युवा मोर्चा आगे भी विभिन्न कोचिंग संस्थानों में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद करेगा। उन्होंने कहा कि छात्रों को भ्रामक प्रचार और राष्ट्रविरोधी तत्वों के बहकावे से बचने के लिए भी जागरूक किया जाएगा।
अभियान में जिला महामंत्री कौशलेन्द्र सिंह परिहार, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सोनू राठौर, अक्षत निगम, युवराज सिंह, आदर्श बाजपेयी, आयुष कुमार, मनीष तिवारी, रोहन समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

