जौनपुर में ऊर्जा मंत्री ने गिनाईं 9 वर्षों की उपलब्धियां, यूपी को बताया ‘ग्रोथ इंजन’

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर में ऊर्जा मंत्री ने गिनाईं 9 वर्षों की उपलब्धियां, यूपी को बताया ‘ग्रोथ इंजन’


जौनपुर में ऊर्जा मंत्री ने गिनाईं 9 वर्षों की उपलब्धियां, यूपी को बताया ‘ग्रोथ इंजन’


जौनपुर में ऊर्जा मंत्री ने गिनाईं 9 वर्षों की उपलब्धियां, यूपी को बताया ‘ग्रोथ इंजन’


जौनपुर, 24 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को यूपी नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री ए. के. शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए यूपी सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियों को प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने अराजकता से व्यवस्था और निराशा से विश्वास तक की ऐतिहासिक यात्रा तय की है। आज उत्तर प्रदेश देश के “ग्रोथ इंजन” के रूप में उभर रहा है।

मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए हैं। कानून व्यवस्था में सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब कानून का राज स्थापित है, माफिया और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है तथा आमजन में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बना है।

आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उन्होंने जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को प्रदेश के लिए वैश्विक पहचान का माध्यम बताया। महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं की भागीदारी 15 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत तक पहुंची है। कृषि क्षेत्र में प्रदेश देश में खाद्यान्न उत्पादन में अग्रणी बना है और गन्ना किसानों को रिकॉर्ड भुगतान किया गया है। वहीं, किसान सम्मान निधि और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है।

जौनपुर की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 9.55 लाख किसानों को 2815 करोड़ रुपये सीधे खातों में भेजे गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र में 97,647 और शहरी क्षेत्र में 27,542 आवास दिए गए, जबकि मुख्यमंत्री आवास योजना से 22,197 परिवार लाभान्वित हुए। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 9,486 जोड़ों को सहायता प्रदान की गई।

ऊर्जा, स्वच्छता और पर्यटन के क्षेत्र में प्रगति का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि मां शीतला चौकिया धाम सहित धार्मिक स्थलों का विकास कराया जा रहा है तथा 179.79 करोड़ रुपये की लागत से जिला कारागार का निर्माण कार्य जारी है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत बड़ी संख्या में शौचालयों का निर्माण कराया गया है।इस अवसर पर सरकार की उपलब्धियों पर आधारित बुकलेट का भी प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story