राज्यपाल से मिले मुख्यमंत्री योगी, 10 मई को होगा मंत्रिमण्डल विस्तार

WhatsApp Channel Join Now
राज्यपाल से मिले मुख्यमंत्री योगी, 10 मई को होगा मंत्रिमण्डल विस्तार


लखनऊ,09 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बहुप्रतीक्षित योगी सरकार का मंत्रिमण्डल विस्तार की आधिकारिक पुष्टि हो गई है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 10 मई यानी रविवार को साढ़े तीन बजे लोक भवन में करीब छह विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलायेंगी।

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार शाम जनभवन पहुंचकर राज्यपाल से भेंट की। समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा में आये पूर्व मंत्री मनोज पाण्डेय,पूजा पाल,भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी,पूर्व मंत्री अशोक कटारिया,कृष्णा पासवान और हंसराज विश्वकर्मा को मंत्री बनाये जाने की चर्चा है। इन सभी को लखनऊ में रहने के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि योगी सरकार में अभी 54 मंत्री हैं। प्रदेश में अधिकतम 60 मंत्री हो सकते हैं।

भाजपा सूत्रों की मानें तो रविवार को 06 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जायेगी। खबर यह भी है कि मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल किया जायेगा। राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो योगी सरकार में मंत्रिमंडल का विस्तार 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर एक अहम कड़ी है, इस विस्तार के जरिए भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में जातीय समीकरण साधने का प्रयास करेगी। सूत्रों के अनुसार खबर है कि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का रविवार (10 मई) का सारा कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story