राजस्व लिपिक से मारपीट के आरोप में अधिवक्ता की गिरफ्तारी की मांग, कर्मचारी संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
राजस्व लिपिक से मारपीट के आरोप में अधिवक्ता की गिरफ्तारी की मांग, कर्मचारी संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी


गोरखपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले की बांसगांव तहसील में राजस्व लिपिक के साथ कथित मारपीट का मामला तूल पकड़ रहा है। घटना के विरोध में उत्तर प्रदेश मिनिस्ट्रियल कर्मचारी संघ की गोरखपुर इकाई ने मंगलवार को जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी प्रशासन को सौंपकर आरोपित अधिवक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है।

संघ के अनुसार, बांसगांव तहसील में राजस्व लिपिक शिवनाथ मौर्य के साथ 21 सितंबर को शाम करीब चार बजे एक पत्रावली की दोबारा जांच को लेकर अधिवक्ता राणा सिंह से विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान अधिवक्ता ने गाली-गलौज करते हुए लिपिक के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए।

इस संबंध में संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कलेक्ट्रेट और तहसील परिसर में अधिकारियों-कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई। संघ ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिवक्ता द्वारा पूर्व में भी तहसील के कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ मारपीट की घटनाएं की जा चुकी हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।

कर्मचारी संघ ने आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी तथा अधिवक्ता के लाइसेंस के संबंध में बार काउंसिल को कार्रवाई के लिए पत्र भेजने की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी कि दो दिन के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन और कार्य बहिष्कार किया जाएगा।

ज्ञापन देने वालों में संघ के मंत्री विश्वेश शुक्ला, कोषाध्यक्ष पंकज श्रीवास्तव समेत अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story