बाल विवाह रोकने के लिए समाज के हर व्यक्ति को आगे आना होगा : मीनाक्षी सिन्हा
गोरखपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। बाल विवाह बच्चों के बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करने वाली गंभीर सामाजिक कुरीति है। इसे समाप्त करने के लिए कानूनी कार्रवाई के साथ सामाजिक जागरूकता और सामूहिक सहभागिता जरूरी है। यह बात गुरुवार को विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मीनाक्षी सिन्हा ने कही।
वह 27 नवंबर को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस की पूर्व संध्या पर मानव सेवा संस्थान सेवा की ओर से विकास भवन सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समन्वय कार्यशाला को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि बाल विवाह रोकना केवल प्रशासन या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसके खिलाफ आगे आना होगा। बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करना चाहिए।
कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिनव कुमार मिश्र ने कहा कि बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए विभागीय समन्वय और गांवों में निरंतर जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है। आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है।
आशा एफएम 89.6 के निदेशक नवीन पाण्डेय ने कहा कि बाल विवाह के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने में मीडिया की भूमिका अहम है। रेडियो और सोशल मीडिया के माध्यम से गांव-गांव तक जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा सकता है। महिला उद्यमी संगीता पाण्डेय ने बेटियों को शिक्षा के साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
महिला थाना प्रभारी दीपशिखा ने बाल विवाह को कानूनी अपराध बताते हुए कहा कि इसके आयोजन और प्रोत्साहन में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान है। जिला प्रोबेशन कार्यालय की संरक्षण अधिकारी संगीता सिंह ने बालिकाओं के संरक्षण और पुनर्वास के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। अन्य वक्ताओं ने भी बाल अधिकारों की रक्षा, महिला सुरक्षा और बाल विवाह की रोकथाम में सामुदायिक सहभागिता को जरूरी बताया।
कार्यशाला का संचालन करते हुए मानव सेवा संस्थान सेवा के कार्यक्रम प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि संस्थान गोरखपुर के कैंपियरगंज, भरोहिया, जंगल कौड़िया, ब्रह्मपुर और बांसगांव ब्लॉकों की 300 ग्राम पंचायतों में बाल विवाह की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चला रहा है।
कार्यशाला के बाद टाउनहॉल स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बालिकाओं ने मोमबत्तियां जलाकर बाल विवाह के खिलाफ आवाज बुलंद की और इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने की शपथ ली। कार्यक्रम में मानव सेवा संस्थान के पदाधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।---------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

