चम्पा देवी पार्क में गोरखपुर महोत्सव का भव्य आगाज़, संस्कृति-पर्यटन की अनूठी झलक

WhatsApp Channel Join Now
चम्पा देवी पार्क में गोरखपुर महोत्सव का भव्य आगाज़, संस्कृति-पर्यटन की अनूठी झलक


चम्पा देवी पार्क में गोरखपुर महोत्सव का भव्य आगाज़, संस्कृति-पर्यटन की अनूठी झलक


चम्पा देवी पार्क में गोरखपुर महोत्सव का भव्य आगाज़, संस्कृति-पर्यटन की अनूठी झलक


चम्पा देवी पार्क में गोरखपुर महोत्सव का भव्य आगाज़, संस्कृति-पर्यटन की अनूठी झलक


गोरखपुर, 11 जनवरी (हि.स.)। चम्पा देवी पार्क में आयोजित बहुप्रतीक्षित गोरखपुर महोत्सव का शुभारम्भ पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जय वीर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, कलाकारों और बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने महोत्सव को भव्यता प्रदान की। दीप प्रज्केज्वलन के साथ ही पूरे परिसर में उत्सव और सांस्कृतिक उल्लास का वातावरण बन गया।

इस अवसर पर सदर सांसद रवि किशन, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ला, श्रीराम चौहान, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, एडीजी जोन मुथा अशोक जैन, डीआईजी रेंज एस. चनप्पा, मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, डीआईजी-एसएसपी राज करन नय्यर, आयोजक नोडल एवं जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्धन, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, जीडीए सचिव पुष्पराज सिंह सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। महोत्सव को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए प्रशासन द्वारा की गई सुरक्षा और व्यवस्थाओं की भी सराहना की गई।

--लोक संस्कृति, विज्ञान और स्थानीय उत्पादों का उत्सव

गोरखपुर महोत्सव में इस वर्ष लोक संस्कृति के साथ विज्ञान प्रदर्शनी को भी प्रमुखता दी गई है। विशेष रूप से स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार की गई विज्ञान प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, जिसमें बच्चों ने अपनी प्रतिभा, नवाचार और वैज्ञानिक सोच का शानदार प्रदर्शन किया है।

इसके साथ ही महोत्सव में स्थानीय उत्पादों और लोकल सामानों के स्टॉल लगाए गए हैं, जिससे क्षेत्रीय कारीगरों और उद्यमियों को अपनी कला और उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिला है। यह पहल आत्मनिर्भर भारत और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

उद्घाटन समारोह को सम्बोधित करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जय वीर सिंह ने कहा कि गोरखपुर तपोभूमि है, जिसकी पहचान और गौरव आज देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक फैला हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं और आज “बुलडोजर बाबा” का नाम गर्व के साथ लिया जाता है।

मंत्री ने वर्ष 2025 के कुम्भ का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई, जो भारत की सांस्कृतिक शक्ति और व्यवस्थागत क्षमता का उदाहरण है। उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और आयोजक समिति को धन्यवाद देते हुए आश्वस्त किया कि पर्यटन विभाग भविष्य में भी संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग करता रहेगा।

आयोजक नोडल एवं जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्धन ने अतिथियों का स्वागत किया और बताया कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिससे राजस्व में वृद्धि के साथ-साथ स्थानीय व्यापारियों को भी लाभ हुआ है।

आयोजक समिति के अध्यक्ष एवं मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गोरखपुर महोत्सव शहर की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करने वाला आयोजन बन चुका है।

--सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

महोत्सव के शुभारम्भ अवसर पर एडी स्कूल की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने दर्शकों को आध्यात्मिक अनुभूति से भर दिया। इसके पश्चात मथुरा की सुप्रसिद्ध कथक नृत्यांगना गीतांजलि शर्मा ने कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। शास्त्रीय नृत्य की यह प्रस्तुति महोत्सव की सांस्कृतिक गरिमा को और ऊंचाई प्रदान करती नजर आई।

--सुदृढ़ सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाएं

महोत्सव स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। एडीजी जोन, डीआईजी रेंज और जिला पुलिस प्रशासन की सतत निगरानी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा रहा है।

गोरखपुर महोत्सव में शहरवासियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिल रही है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी वर्ग के लोग महोत्सव का आनंद ले रहे हैं। संस्कृति, कला, विज्ञान और स्थानीय पहचान को समर्पित यह आयोजन गोरखपुर को सांस्कृतिक मानचित्र पर एक नई पहचान दिला रहा है।

चम्पा देवी पार्क में आयोजित गोरखपुर महोत्सव न केवल मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि यह स्थानीय प्रतिभाओं, विद्यार्थियों, कारीगरों और कलाकारों को प्रोत्साहित करने का सशक्त मंच भी बन रहा है। आने वाले दिनों में विभिन्न कार्यक्रमों और प्रस्तुतियों के माध्यम से यह महोत्सव गोरखपुरवासियों के लिए यादगार साबित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story