अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों की ट्रेनिंग से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर : कुलपति

WhatsApp Channel Join Now
अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों की ट्रेनिंग से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर : कुलपति


कानपुर, 21 फरवरी (हि.स.)। होटल प्रबंधन के विद्यार्थियों को केवल किताबों तक सीमित न रखकर उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण देना समय की मांग है। अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों की जानकारी से छात्रों को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिलते हैं। इस तरह की कार्यशालाएं उन्हें उद्योग की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप तैयार करती हैं। यह बातें शनिवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कही।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के स्कूल ऑफ होटल प्रबंधन द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में ‘इटैलियन व्यंजन’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों के व्यावहारिक एवं व्यावसायिक पक्षों से परिचित कराना तथा आतिथ्य उद्योग की नवीनतम प्रवृत्तियों से जोड़ना रहा।

मुख्य वक्ता एवं मुख्य प्रशिक्षक के रूप में बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय, लखनऊ के सह-प्राध्यापक डॉ. संदीप कुमार सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को इटैलियन व्यंजनों का इतिहास, विशेषताएं, पारंपरिक सामग्री, सॉस के प्रकार, पास्ता की विविधताएं तथा प्रस्तुतीकरण शैली की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इटैलियन भोजन अपनी सादगी, ताजगी और गुणवत्तापूर्ण सामग्री के कारण विश्वभर में लोकप्रिय है।

व्यावहारिक सत्र में विद्यार्थियों को टमाटर ब्रुशेटा, मशरूम ब्रुशेटा, मिनेस्ट्रोन सूप, ग्रिसिनी ब्रेड, अर्राबियाता सॉस के साथ रैवियोली पास्ता, मशरूम सॉस के साथ वेज लसग्ना, मिनी पिज्जा तथा तिरामिसू मिठाई बनाकर सिखाई गई। विद्यार्थियों ने प्रत्येक व्यंजन स्वयं तैयार कर उसकी प्लेट सजावट एवं सज्जा का अभ्यास किया।

विभाग के निदेशक सौरभ त्रिपाठी ने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करती हैं। कार्यक्रम के संयोजक शेफ सिद्धार्थ सिंह व सहायक प्राध्यापक अरविंद चौहान रहे। इस अवसर पर अंकित कुमार, शिवांशु सचान, ऐश्वर्या आर्या व डॉ. रॉबिन वर्मा उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story