अंतरराष्ट्रीय क्रूज पर सजेगा ग्लोबल ब्यूटी पेजेंट, गोरखपुर की कंचन सोनी निभाएंगी जज की भूमिका
गोरखपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। गोरखपुर की समाजसेविका और ‘आई एम शक्ति वूमेन फाउंडेशन’ की अध्यक्ष कंचन सोनी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। उन्हें वैश्विक सौंदर्य प्रतियोगिता ‘मिस एंड मिसेज इंटरनेशनल 2026’ (सीजन-13) में निर्णायक मंडल की सदस्य (जूरी मेंबर) के रूप में आमंत्रित किया गया है। इस उपलब्धि से गोरखपुर सहित पूरे पूर्वांचल का गौरव बढ़ा है। बुधवार को गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में कंचन सोनी ने इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन से जुड़ी जानकारी साझा की।
‘इंडी रॉयल क्वीन प्राइवेट लिमिटेड’ की ओर से आयोजित यह प्रतियोगिता 16 से 19 नवंबर 2026 तक सिंगापुर से मलेशिया के पेनांग के बीच चलने वाले रॉयल कैरेबियन क्रूज पर आयोजित होगी। इसमें दुनिया के विभिन्न देशों से 25 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगी। कंचन सोनी को उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और सौंदर्य प्रतियोगिताओं के क्षेत्र में योगदान को देखते हुए निर्णायक मंडल में शामिल किया गया है।
कंचन सोनी गोरखपुर में ‘शक्ति मिसेज इंडिया 2024’ प्रतियोगिता का सफल आयोजन कर चुकी हैं। पूर्व में ‘मिसेज दीवा क्वीन दुबई’ का खिताब हासिल कर चुकीं कंचन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई सौंदर्य प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका निभाने का अनुभव है। वह बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर के फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. संजीत सोनी की पत्नी हैं।
इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में सौंदर्य और फैशन के साथ महिला सशक्तीकरण तथा पर्यावरण संरक्षण को भी प्रमुखता दी जाएगी। प्रतियोगिता की थीम ‘ग्लोबल ब्यूटी ऑन ए मिशन’ के तहत धरती और समुद्रों के संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। चार दिवसीय कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय रैंप वॉक, डिजाइनर फैशन शो, टैलेंट राउंड और भव्य क्राउनिंग समारोह आयोजित होंगे।
कंचन सोनी ने कहा कि वैश्विक स्तर के प्रतिष्ठित मंच पर गोरखपुर और भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व का क्षण है। यह आयोजन केवल सौंदर्य तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास, बुद्धिमत्ता, प्रतिभा और सामाजिक सरोकारों को पहचान देने का भी अवसर है। निर्णायक मंडल की सदस्य के रूप में वह प्रतिभागियों की प्रतिभा और समाज के प्रति उनकी सोच को परखेंगी।
उन्होंने बताया कि इंडी रॉयल की संस्थापक एवं निदेशक डॉ. रोली त्रिपाठी के नेतृत्व में होने वाले इस आयोजन में दुबई, न्यूजीलैंड, मलेशिया, सिंगापुर और भारत सहित विभिन्न देशों की प्रतिभागी शामिल होंगी। अंतरराष्ट्रीय मंच पर विभिन्न देशों की महिलाओं की प्रतिभा और उपलब्धियों को सामने लाने के साथ महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया जाएगा।
कंचन सोनी को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में निर्णायक की जिम्मेदारी मिलने पर गोरखपुर के प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक संगठनों और कला जगत से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। इसे गोरखपुर की प्रतिभा और महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

