गल्ला मंडी परिसर में एसडीएम ने पकड़ा अवैध खेसारी दाल से भरा ट्रक
हमीरपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा उपजिलाधिकारी और खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गल्ला मंडी मौदहा परिसर से प्रतिबंधित खेसारी दाल से लदा एक ट्रक पकड़ा है। ट्रक में लगभग 420 बोरियां खेसारी दाल भरी हुई थी, जिसकी पुष्टि और जांच के लिए खाद्य विभाग की टीम ने नमूना संग्रहित कर लिया है।
उपजिलाधिकारी मौदहा को गल्ला मंडी परिसर में संदेहास्पद गतिविधियों की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर उपजिलाधिकारी करनवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय और खाद्य सुरक्षा अधिकारी मृत्युंजय कुमार ने पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से गल्ला मंडी परिसर में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ट्रक संख्या UP 44 AT 0859 की तलाशी ली गई।
वाहन की जांच के दौरान मौके पर ट्रक मालिक दयाशंकर पुत्र महगू निवासी खंडेह और वाहन चालक सूरज कुमार यादव पुत्र रामवंश यादव निवासी लोधीपुर अमेठी मौजूद मिले। पूछताछ में वाहन चालक ने स्वीकार किया कि ट्रक में लदी सामग्री प्रतिबंधित खेसारी दाल है। उपजिलाधिकारी ने बताया कि ट्रक में भरी सभी 420 बोरियों को गल्ला मंडी मौदहा के ही एक सुरक्षित कक्ष में सील कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

