शिवकुमार तिवारी हत्याकांड: परिवार को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा: पूर्व विधायक
गोरखपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। सिकरीगंज क्षेत्र के ग्रामसभा अहिरौली में दिवंगत शिवकुमार तिवारी के परिजनों से मिलने मंगलवार को चिल्लूपार के पूर्व विधायक एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव विनय शंकर तिवारी पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और शिवकुमार तिवारी की नृशंस हत्या पर गहरा दुःख एवं आक्रोश व्यक्त किया।
विनय शंकर तिवारी ने परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली और कहा कि इस मुश्किल घड़ी में पीड़ित परिवार स्वयं को अकेला न समझे। समाज और क्षेत्र के लोग उनके साथ खड़े हैं और न्याय की लड़ाई में परिवार को हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिवकुमार तिवारी की जिस निर्ममता से हत्या की गई, वह केवल एक परिवार पर हमला नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा अत्यंत गंभीर मामला है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में पीड़ा और आक्रोश है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना शासन और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
पूर्व विधायक ने उत्तर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से मांग की कि हत्याकांड में शामिल प्रत्येक दोषी के खिलाफ निष्पक्ष विवेचना के आधार पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए। ऐसी मजबूत पैरवी सुनिश्चित हो कि दोषियों को जल्द से जल्द सख्त सजा मिल सके।
उन्होंने सरकार से शोकाकुल परिवार को पर्याप्त आर्थिक सहायता, परिवार के एक योग्य सदस्य को सरकारी नौकरी तथा परिवार की समुचित सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की। कहा कि परिवार ने अपना सदस्य खोया है, जिसकी भरपाई कोई सहायता नहीं कर सकती, लेकिन सरकार का दायित्व है कि पीड़ित परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ठोस कदम उठाए।
विनय शंकर तिवारी ने कहा कि “दुःख की इस घड़ी में हम परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। शिवकुमार तिवारी को न्याय मिले, दोषियों को कठोर सजा मिले और परिवार की सुरक्षा एवं भविष्य की चिंता सरकार करे-इसके लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।”
उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए जिससे समाज में स्पष्ट संदेश जाए कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। किसी निर्दोष परिवार को भय और असुरक्षा के वातावरण में जीवन बिताने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता।
उल्लेखनीय है कि विनय शंकर तिवारी वर्ष 2017 में चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित होकर उत्तर प्रदेश की 17वीं विधानसभा के सदस्य रहे। वह पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं चिल्लूपार से लंबे समय तक विधायक रहे पं. हरिशंकर तिवारी के पुत्र हैं और वर्तमान में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव के रूप में सक्रिय हैं।
अंत में उन्होंने दिवंगत शिवकुमार तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

