नगर निगम गोरखपुर को मिली नई उपसभापति, पूनम सिंह सर्वसम्मति से निर्वाचित

WhatsApp Channel Join Now
नगर निगम गोरखपुर को मिली नई उपसभापति, पूनम सिंह सर्वसम्मति से निर्वाचित


गोरखपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। नगर निगम गोरखपुर की कार्यकारिणी समिति की गुरुवार को आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में राप्तीनगर वार्ड की पार्षद पूनम सिंह को सर्वसम्मति से नगर निगम का नया उपसभापति चुन लिया गया। हाल ही में तत्कालीन उपसभापति का पद रिक्त होने के बाद इस पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया पूरी की गई।

महापौर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यकारिणी समिति की बैठक में सभी सदस्यों ने एकमत होकर पूनम सिंह के नाम का समर्थन किया। सर्वसम्मति से हुए इस निर्वाचन के बाद बैठक में मौजूद सदस्यों ने उन्हें बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

पूनम सिंह का उपसभापति चुना जाना नगर निगम के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। वह नगर निगम गोरखपुर के इतिहास में इस पद पर पहुंचने वाली दूसरी महिला हैं। इससे पहले वर्ष 1997 में अमिता शर्मा उपसभापति निर्वाचित हुई थीं। लगभग तीन दशक बाद किसी महिला को नगर निगम के इस महत्वपूर्ण संवैधानिक पद की जिम्मेदारी मिली है, जिससे महिला नेतृत्व को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

बैठक में कार्यकारिणी समिति के सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि पूनम सिंह अपने अनुभव, सक्रियता और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता के साथ उपसभापति के दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेंगी। उनके निर्वाचन से नगर निगम की कार्यप्रणाली में और अधिक समन्वय तथा जनहित से जुड़े कार्यों को गति मिलने की संभावना व्यक्त की गई।

पूनम सिंह के निर्वाचित होने पर नगर निगम के जनप्रतिनिधियों, पार्षदों तथा विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उनके चयन से राप्तीनगर वार्ड सहित पूरे शहर में खुशी का माहौल देखा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story