सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बेटियों को समय पर लगवाएं एचपीवी टीका : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बेटियों को समय पर लगवाएं एचपीवी टीका : जिलाधिकारी


कानपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए पात्र किशोरियों का समय पर एचपीवी टीकाकरण कराया जाना जरूरी है। अभिभावक किसी भ्रम या अफवाह में न आएं और अपनी बेटियों को नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर निःशुल्क टीका लगवाएं। कोई भी पात्र किशोरी टीकाकरण से वंचित न रहे, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए। यह बातें रविवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने रावतपुर स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में टीकाकरण व्यवस्था का जायजा लेने के दौरान कहीं।

जिलाधिकारी ने कहा कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। एचपीवी टीका भविष्य में इस बीमारी के खतरे को कम करने का प्रभावी माध्यम है। टीकाकरण के साथ निर्धारित आयु में स्क्रीनिंग भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि निजी अस्पतालों में महंगी मिलने वाली यह वैक्सीन शासन की ओर से पात्र किशोरियों को पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एचपीवी टीकाकरण को लेकर अभिभावकों के बीच जागरूकता बढ़ाई जाए। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से पात्र किशोरियों की सूची तैयार कर घर-घर संपर्क किया जा रहा है, ताकि उनके अभिभावकों को टीकाकरण के बारे में जानकारी दी जा सके।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, टीकाकरण की व्यवस्था तथा मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कामकाज के कारण सामान्य दिनों में स्वास्थ्य केंद्र नहीं पहुंच पाने वाले लोग रविवार को नजदीकी आयुष्मान आरोग्य मंदिर अथवा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और उपलब्ध टीकाकरण सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। रविवार को आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके भी निर्देश दिए।

अभियान के तहत प्रत्येक बुधवार और शनिवार को नियमित टीकाकरण सत्रों में एचपीवी टीका लगाया जा रहा है। रविवार को विशेष टीकाकरण शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें पात्र किशोरियों तक पहुंचने के लिए उनके अभिभावकों से संपर्क कर रही हैं।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एसपी यादव ने बताया कि एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सुरक्षित और प्रभावी उपाय है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि किसी तरह की अफवाह या भ्रम पर ध्यान न दें और पात्र बेटियों का समय पर निःशुल्क टीकाकरण कराएं।

41,073 किशोरियां अभी टीकाकरण से बाहरजनपद में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 59,450 किशोरियों को एचपीवी टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें अब तक 18,377 किशोरियों का टीकाकरण हो चुका है, जबकि 41,073 किशोरियां अभी टीकाकरण से वंचित हैं। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को अभियान तेज कर प्रत्येक पात्र किशोरी तक पहुंचने के निर्देश दिए हैं।

एचपीवी टीकाकरण एक नजर मेंकुल लक्ष्य: 59,450 किशोरियांअब तक टीकाकरण : 18,377 किशोरियांटीकाकरण के लिए शेष : 41,073 किशोरियांपात्र आयु वर्ग : 14 से 15 वर्षशुल्क: पूरी तरह निःशुल्कनियमित टीकाकरण: बुधवार और शनिवारविशेष शिविर : प्रत्येक रविवारसंपर्क : आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता या नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story