बालिकाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दें अधिकारी : आनंदीबेन पटेल

WhatsApp Channel Join Now
बालिकाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दें अधिकारी : आनंदीबेन पटेल


कानपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। स्वरूप नगर स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका) का राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गुरुवार काे भ्रमण किया। इस दाैरान उन्हाेंने यूनिट-1 में बालिकाओं को शिक्षा के साथ व्यावसायिक प्रशिक्षण दिलाने और उनकी समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। वहीं बालिकाओं ने ब्यूटी पार्लर, जूडो-कराटे सहित अन्य पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण दिलाने की मांग रखी।

राज्यपाल ने बालिकाओं से उनकी पढ़ाई, दिनचर्या और रुचियों के बारे में जानकारी ली। बालिकाओं ने स्वच्छता और आरओ से स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता से जुड़ी समस्याएं बताईं। इस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए गए।

बालिकाओं की मांग पर ब्यूटी पार्लर, जूडो-कराटे और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण की व्यवस्था करने को कहा गया। साथ ही नियमित स्कूली शिक्षा के साथ कौशल विकास और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया, ताकि बालिकाओं का आत्मविश्वास बढ़े और वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें।

बालिकाओं ने जन भवन और वाटर पार्क घूमने की इच्छा जताई। इस पर उनके भ्रमण की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए। उन्हें जन भवन में संचालित प्रेरणादायी गतिविधियों से परिचित कराने को भी कहा गया। बालिकाओं को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

बाल गृह के रसोईघर, आवासीय कक्षों और चिकित्सा कक्ष का निरीक्षण कर भोजन, आवास और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली गई। यहां हुए सकारात्मक बदलावों की सराहना करते हुए बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान महापौर प्रमिला पांडेय, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन और विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765254 Articles

Share this story