खेतों से घर लौट रही युवती उफनाते नाले में बही

WhatsApp Channel Join Now
खेतों से घर लौट रही युवती उफनाते नाले में बही


खेतों से घर लौट रही युवती उफनाते नाले में बही


पुलिस व ग्रामीणों की तलाश जारी

हमीरपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के जलालपुर क्षेत्र के पुरैनी गांव में रविवार को उफनाते नाले को पार करते समय एक युवती तेज बहाव की चपेट में आकर बह गई। सूचना पर पहुंची पुलिस स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से युवती की तलाश में जुटी है, लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है।

जानकारी के अनुसार, पुरैनी गांव निवासी साधुराम की 18 वर्षीय पुत्री प्रयांशी रविवार को पशुओं के लिए खेतों से चारा लेने गई थी। रविवार को शाम को जब वह चारा लेकर घर लौट रही थी, तभी रास्ते में पड़ने वाले नाले में पानी का बहाव बेहद तेज था। नाला पार करने के दौरान प्रयांशी का संतुलन बिगड़ गया और वह पानी के तेज बहाव में बहने लगी। पास ही में मौजूद चरवाहों ने उसे डूबते देखा तो बचाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते वह गहरे पानी में समा गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से नाले में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। खबर लिखे जाने तक युवती का कुछ पता नहीं चल सका था। घटना की खबर फैलते ही नाले के आसपास ग्रामीणों का भारी हुजूम जमा हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि खोजबीन लगातार जारी है और जरूरत पड़ने पर अन्य राहत टीमों को भी बुलाया जाएगा। सरीला के तहसीलदार रवीन्द्र पाल ने बताया कि युवती की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोर लगाए गए हैं। फ्लड टीम भी सर्च आपरेशन कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story