मवेशी चराने गई बालिका की गड्ढे में डूबने मौत

WhatsApp Channel Join Now

बांदा, 10 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में मवेशी चराने गई बालिका पैर फिसल जाने से गढ्डे में गिर गई, जिससे उसकी डूब कर मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही घरवालों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बिसंडा थाना क्षेत्र के बिसंडी गांव निवासी मनोज वर्मा ने बताया कि उसकी 12 वर्षीय पुत्री प्रिया शुक्रवार दोपहर अपनी नानी कमला देवी के साथ मवेशी चराने खेत गई थी।

बारिश के कारण खोदे गए गढ्डे में पानी भरा हुआ था। वह गड्ढा किनारे खड़े होकर मवेशी चरा रही थी। तभी पैर फिसल जाने से वह गड्डे में जा गिरी, जिससे डूब कर उसकी मौत हो गई। नानी ने देखा तो शोर मचाया।शोर सुनकर पड़ोसी नवल यादव दौड़ पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला। उसे निजी साधन से पीएचसी बिंसडा में भर्ती कराया गया, जहां डाक्टरों ने देखने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पिता ने बताया कि पड़ोसी ने पुराई के लिए करीब आठ फुट गहरा गड्ढा खुदवाया था। उसी गहरे गड्ढे में डूबने से उसकी बेटी की मौत हो गई। मृतका दो भाई व दो बहनों में दूसरे नम्बर की थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी सीपी तिवारी ने कहा कि गहरे गड्ढे में डूबने से बालिका की मौत हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story