युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

WhatsApp Channel Join Now

देवरिया, 16 अप्रैल (हि.स.)। देवरिया जिले के सुरौली थाना क्षेत्र के सिंघही गांव में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने विधिक कार्रवाई कर शव को पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका की पहचान खुशी चौहान (18) पुत्री राम भगत चौहान के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, किसी बात को लेकर परिवार के सदस्यों ने उसे डांट दिया था, जिसके बाद वह नाराज होकर अपने कमरे में चली गई।

बताया जा रहा है कि युवती ने कमरे में पंखे की कुंडी में दुपट्टे के सहारे फांसी का फंदा लगा लिया। कुछ देर बाद जब उसकी मां कमरे में पहुंचीं तो बेटी को फंदे से लटका देख शोर मचा दिया। आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत नीचे उतारकर इलाज के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी राकेश कुमार राय ने गुरुवार काे बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है, फिलहाल प्राथमिक जानकारी के अनुसार मामला आत्महत्या का प्रतीत हाे रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story