तेज रफ्तार डंपर की चपेट आई मासूम बच्ची और युवक की मौत, गुस्साई भीड़ ने किया जाम

WhatsApp Channel Join Now
तेज रफ्तार डंपर की चपेट आई मासूम बच्ची और युवक की मौत, गुस्साई भीड़ ने किया जाम


मथुरा, 16 अगस्त (हि.स.)। थाना सदर बाजार क्षेत्र के कस्बा औरंगाबाद में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार डंपर ने कहर बरपाया। मिट्टी के खाली एक तेज रफ्तार डंपर के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे खड़े और मोटरसाइकिल सवार लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक मासूम बच्ची और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद से इलाके में कोहराम मचा हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8ः10 बजे कुछ लोग और बच्चे बुक स्टोर की दुकान से सामान ले रहे थे और दो मोटरसाइकिलें वहां मौजूद थीं। इसी दौरान मथुरा की तरफ से आ रहे बेकाबू डंपर ने पांच लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान आयरा (आयु लगभग 6-7 वर्ष), निवासी बाजार औरंगाबाद, थाना सदर बाजार, प्रशांत कुंतल (आयु लगभग 20 वर्ष), निवासी श्रीजी विहार कॉलोनी, थाना सदर बाजार है, इसके अलावा प्रशांत की 52 वर्षीय मां गीता देवी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो अन्य लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं।

घटना के तुरंत बाद चालक डंपर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। इस भीषण हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने न्याय और सुरक्षा की मांग को लेकर औरंगाबाद रोड पर जाम लगा दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब डेढ़ घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।

सूचना मिलते ही थाना सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया और यातायात सुचारू रूप से शुरू करवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story