गोरखपुर के धुरियापार में विकसित होगा आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र

WhatsApp Channel Join Now
गोरखपुर के धुरियापार में विकसित होगा आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र


लखनऊ, 12 अक्टूबर (हि.स.)। भारत औद्योगिक विकास योजना के अंतर्गत गोरखपुर के धुरियापार में 120 एकड़ क्षेत्रफल में आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत 102.35 करोड़ है। परियोजना के अंतर्गत औद्योगिक प्लॉट, फ्लैटेड फैक्टरी, वेयरहाउसिंग तथा कॉमन फैसिलिटी सेंटर जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी.गोयल की अध्यक्षता में सोमवार को समीक्षा बैठक में प्रस्तावित धुरियापार इंडस्ट्रियल एरिया परियोजना पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) द्वारा प्रस्तावित इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (आईएमएलसी), बांदा (फेज-02) तथा गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) की परियोजनाओं के डीपीआर को अनुमोदन प्रदान किया गया।

मुख्य सचिव ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक वैधानिक स्वीकृतियां निर्धारित समय सीमा में प्राप्त करने तथा संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि परियोजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाई जा सके।

बैठक में बताया गया कि आधुनिक औद्योगिक अवसंरचना एवं साझा सुविधाओं के विकास से क्षेत्र में उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहन मिलेगा और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के लिए अनुकूल वातावरण तैयार होगा।

बैठक में अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आलोक कुमार, सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विजय किरन आनंद, एसीईओ यूपीडा शैलेन्द्र भाटिया सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759647 Articles

Share this story