घरेलू गैस की निर्बाध आपूर्ति को लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ की बैठक
फतेहपुर, 20 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शुक्रवार को मौजूदा वैश्विक ऊर्जा परिस्थितियों के मद्देनजर घरेलू गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिले में पाइप्ड नैचुरल गैस (पीएनजी) आपूर्ति करने वाली इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) के जीए हेड एवं जीएल के डिप्टी मैनेजर, जिला पूर्ति अधिकारी के साथ बैठक कर जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने पीएनजी उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ाने तथा कनेक्शन प्रक्रिया को और तेज़ करने के लिए आईजीएल के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ।
बैठक में आईजीएल प्रतिनिधि ने बताया कि फ़तेहपुर जिले में पीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू, सुरक्षित एवं निर्बाध रूप से की जा रही है। वर्तमान में जनपद में 5900 से अधिक सक्रिय पीएनजी उपभोक्ता हैं, जबकि कंपनी अपनी मौजूदा पाइपलाइन क्षमता के साथ 40,000 से अधिक उपभोक्ताओं को तुरंत गैस उपलब्ध कराने में सक्षम है।
आईजीएल प्रतिनिधि ने बताया जनपद के अधिकांश क्षेत्र ग्रामीण एवं शहरी दोनों जैसे सिविल लाइंस, आवास विकास कॉलोनी, राधा नगर, अबू नगर, हरिहरगंज, शांति नगर, मसवानी, बक्सपुर, तेंदुली, बिंदकी, जहानाबाद, मलवां औद्योगिक क्षेत्र आदि-में गैस पाइपलाइन का पूरा नेटवर्क पहले से ही बिछा हुआ है तथा इन क्षेत्रों में घर-घर तक पीएनजी आपूर्ति के लिए पूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार है।
इसके अतिरिक्त, आईजीएल इन क्षेत्रों में वाणिज्यिक एवं औद्योगिक उपभोक्ताओं को भी तुरंत गैस कनेक्शन प्रदान करने में सक्षम है। उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन लेने हेतु निरंतर प्रोत्साहित करने के लिए कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। नुक्कड़ नाटक कराए जा रहे हैं, तथा विभिन्न जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। आईजीएल हाल ही में एलपीजी सिलेंडर की संभावित आपूर्ति चुनौतियों को देखते हुए उपभोक्ता स्थायी और बिना रुकावट वाली पीएनजी को अधिक प्राथमिकता दे रहे हैं। पीएनजी कनेक्शन के लिए उपभोक्ता से केवल किसी एक ओनरशिप/पते के प्रमाण-जैसे बिजली बिल, पानी का बिल अथवा हाउस टैक्स की रसीद की आवश्यकता होती है।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

