सोमवार को खुलेगा घाघरा घाट का पुल, आवागमन होगा बहाल

WhatsApp Channel Join Now
सोमवार को खुलेगा घाघरा घाट का पुल, आवागमन होगा बहाल


बाराबंकी, 07 जून (हि.स.)। बहराइच-गोंडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर घाघरा नदी के ऊपर स्थित महत्वपूर्ण घाघरा घाट (संजय सेतु) पुल का मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बावजूद उद्घाटन की औपचारिकताओं के चलते पिछले दो दिनों से पुल पर यातायात बहाल नहीं हो सका है। अब सोमवार को जिलाधिकारी बहराइच अक्षय त्रिपाठी द्वारा पुल का उद्घाटन किए जाने के बाद वाहनों का आवागमन पुनः शुरू कर दिया जाएगा।

एनएचएआई के अवर अभियंता अनंत मौर्य तथा थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने रविवार काे बताया कि पुल की मरम्मत का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर शुक्रवार देर रात सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया था। सभी तकनीकी सुधार, सुरक्षा परीक्षण एवं आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण होने के बाद अब पुल को यातायात के लिए तैयार कर दिया गया है।

अवर अभियंता अनंत मौर्य ने बताया कि सोमवार दोपहर तक पहले छोटे वाहनों, मोटरसाइकिलों तथा अन्य हल्के वाहनों के लिए पुल पर आवागमन शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद कुछ दिनों में बड़े वाहनों के संचालन की भी अनुमति प्रदान कर दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि उद्घाटन कार्यक्रम में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के साथ एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर, अवर अभियंता अनंत मौर्य, थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।

गौरतलब है कि पुल की मरम्मत के चलते 16 अप्रैल को जिलाधिकारी के निर्देश पर संजय सेतु पर आवागमन बंद कर दिया गया था। इस दौरान वैकल्पिक व्यवस्था के तहत घाघरा नदी पर बने पीपा पुल से छोटे वाहनों एवं स्थानीय यातायात का संचालन कराया जा रहा था।

संजय सेतु के पुनः शुरू होने से बहराइच, बाराबंकी, गोंडा एवं श्रावस्ती जनपदों के बीच आवागमन करने वाले हजारों यात्रियों, व्यापारियों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी। पुल बंद रहने के कारण लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा था, जिससे समय और ईंधन दोनों की अतिरिक्त खपत हो रही थी। पुल के चालू होने से यात्रा अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगी। फिलहाल बड़े वाहनों के लिए आवागमन पर अभी रोक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story