'सेवा’ के जरिये समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सरकार का लक्ष्य : योगेंद्र उपाध्याय

WhatsApp Channel Join Now
'सेवा’ के जरिये समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सरकार का लक्ष्य : योगेंद्र उपाध्याय


कानपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। 17 सितंबर से शुरू होने वाले एक माह के सेवा संकल्प अभियान में अधिक से अधिक आम नागरिकों को जोड़ा जाए और सामाजिक, व्यापारिक व धार्मिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। यह बातें जनपद के प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री उच्च शिक्षा योगेंद्र उपाध्याय ने बुधवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में अभियान की तैयारियों की समीक्षा के दौरान कहीं।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सेवा दिवस के तहत विभिन्न कार्यक्रम होंगे। शाम सात बजे पूरे जनपद में करीब तीन लाख ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए जाएंगे। मोतीझील में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में 76 हजार दीये प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के लाभार्थी प्रमुख परियोजनाओं, नदी घाटों, अमृत सरोवरों, मंदिरों, पार्कों, महाविद्यालयों और चिकित्सालयों में दीपोत्सव में शामिल होंगे।

प्रभारी मंत्री ने बताया कि कानपुर ब्लाइंड स्कूल, नेहरू नगर में दिव्यांगजनों को उपकरण वितरित किए जाएंगे। उर्सला अस्पताल में रक्तदान शिविर लगेगा, जबकि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को टूल किट दी जाएगी। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्र सेवा, ‘नमो सेवा’, ‘अनकही कहानियां’, नुक्कड़ नाटक, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ समेत कई कार्यक्रम होंगे।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में सामूहिक रंगोली बनाई जाएगी। 25 सितंबर को जिले की 111 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी का लोकार्पण होगा। सात अक्टूबर को फूलबाग चौराहे पर ‘सेवा कलश यात्रा’ आयोजित की जाएगी।

‘सेवा सेतु’ के तहत प्रत्येक विकासखंड में ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर लगाए जाएंगे। इनमें केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ ऐसे पात्र लोगों को चिह्नित किया जाएगा, जो अभी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। पात्रता के अनुसार उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।

‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर स्वच्छता अभियान, घाटों की सफाई, वृक्षारोपण, अंगदान संकल्प, नशा मुक्ति, डिजिटल साक्षरता और मतदाता जागरूकता कार्यक्रम होंगे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता लाभार्थियों व आम नागरिकों से संवाद कर योजनाओं से मिले लाभ की जानकारी भी लेंगे।

अभियान में सोशल मीडिया के जरिए लाभार्थियों के अनुभव साझा कराने पर भी जोर रहेगा। एक माह के अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ : पंचायत से पार्लियामेंट तक’ जैसे कार्यक्रमों के साथ प्रस्तावित है। बैठक में सांसद रमेश अवस्थी, विधायक नीलिमा कटियार, महेश त्रिवेदी, राहुल बच्चा सोनकर, सुरेंद्र मैथानी, सरोज कुरील, विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई समेत जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story