त्योहारों से पहले प्रमुख मार्ग दुरुस्त कराएं, बजरी तत्काल हटाएं : प्रमिला पांडेय
कानपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। वर्षा के बाद मार्गों पर जमा बजरी तत्काल हटाकर सड़कों को सुरक्षित और सुगम बनाया जाए। त्योहारों से पहले शहर के प्रमुख मार्गों का दुरुस्तीकरण पूरा कराया जाए। ये निर्देश महापौर प्रमिला पांडेय ने मंगलवार को नगर निगम शिविर कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में दिए।
बैठक में सड़क सुरक्षा, स्वच्छता, जल निकासी और विकास कार्यों की समीक्षा की गई। महापौर ने कहा कि सड़कों पर पड़ी बजरी से खासकर दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा रहता है। उन्होंने सभी जोनों में मुख्य मार्गों से बजरी और अन्य अवरोध हटाने की कार्रवाई की जानकारी ली। जोनल स्वच्छता अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकता के आधार पर मार्गों की सफाई कराकर बजरी हटाई जा रही है।
महापौर ने मुख्यमंत्री ग्रिड योजना समेत विभिन्न विकास कार्यों की भी समीक्षा की और मार्गों के दुरुस्तीकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों से पहले शहर के प्रमुख मार्ग हर हाल में दुरुस्त और आवागमन योग्य होने चाहिए।
नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने अधिकारियों को सभी कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता और पूरी गंभीरता से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा, स्वच्छता, जल निकासी और सड़क दुरुस्तीकरण से जुड़े कार्यों में किसी भी तरह की शिथिलता, लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। मैदानी निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी और नियमित निगरानी भी सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में 157 घंटे के विशेष स्वच्छता अभियान की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की गई। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत चल रही गतिविधियों पर भी चर्चा हुई और अभियान को प्रभावी व परिणामपरक बनाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा शहर में जलभराव और जल निकासी की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। मकड़ीखेड़ा और पांडु नदी से प्रभावित क्षेत्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
मकड़ीखेड़ा में स्थापित वाटर शंकर पंप की क्रियाशीलता की जानकारी लेकर जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पांडु नदी से प्रभावित और बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में जनसुविधाओं की उपलब्धता तथा जरूरी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को इन क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में मुख्य अभियंता, सभी जोनल अभियंता, नगर स्वास्थ्य अधिकारी और सभी जोनल स्वच्छता अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही सभी प्राथमिकता वाले कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

