सीधी बुवाई और रोपाई से तैयार धान की फसल की हार्वेस्टर से कटाई, उपज लगभग बराबर, लागत में बड़ा अंतर

WhatsApp Channel Join Now
सीधी बुवाई और रोपाई से तैयार धान की फसल की हार्वेस्टर से कटाई, उपज लगभग बराबर, लागत में बड़ा अंतर


गाजीपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। धान की सीधी बुवाई और परंपरागत रोपाई से तैयार फसलों की उपज लगभग बराबर मिली, लेकिन उत्पादन लागत में सीधी बुवाई की पद्धति अधिक किफायती साबित हुई। सोमवार को उत्तर प्रदेश एग्रीज परियोजना के तहत अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान (आईआरआरआई) के वाराणसी स्थित दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र (आईसार्क) की टीम ने गाजीपुर के भांवरकोल ब्लॉक के अराजी बुढ़ैला गांव में किसान देवमणि पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय के खेत में दोनों पद्धतियों से उगाई गई धान की फसल की हार्वेस्टर से कटाई कर तुलनात्मक आकलन किया।

कटाई के दौरान दोनों विधियों से तैयार फसल की उपज करीब 20 क्विंटल प्रति बीघा रही। हालांकि, लागत के लिहाज से सीधी बुवाई का तरीका बेहतर नजर आया। किसान के मुताबिक, परंपरागत रोपाई में नर्सरी तैयार करने और पौधों की रोपाई कराने पर ही प्रति बीघा करीब चार से पांच हजार रुपये अतिरिक्त खर्च आता है। इसके अलावा खेत में लगातार पानी भरे रखने के कारण सिंचाई पर भी अधिक खर्च करना पड़ता है।

किसान देवमणि पांडेय ने बताया कि उन्होंने इस वर्ष पांच जून को करीब 20 बीघा क्षेत्र में सीड ड्रिल मशीन से धान की सीधी बुवाई की थी। इस प्रयोग में आईसार्क की टीम ने उन्हें तकनीकी मार्गदर्शन देने के साथ फसल की विभिन्न अवस्थाओं में निगरानी भी की। संस्थान की ओर से आवश्यक कीटनाशक भी निःशुल्क उपलब्ध कराए गए।

उन्होंने बताया कि सीधी बुवाई की पद्धति में खेत में लगातार पानी जमा रखने की जरूरत नहीं पड़ती। फसल की सिंचाई गेहूं की तरह जरूरत के अनुसार की जा सकती है। इससे पानी और सिंचाई पर होने वाले खर्च में बचत होती है। वहीं, परंपरागत रोपाई के बाद खेत की मिट्टी अधिक कड़ी हो जाती है, जिससे अगली फसल की बुवाई के लिए अतिरिक्त जुताई और समय की जरूरत पड़ती है।

किसान के अनुसार, सीधी बुवाई वाले खेत में धान की कटाई के बाद कम समय में अगली फसल, खासकर गेहूं की बुवाई की तैयारी की जा सकती है। इससे श्रम और लागत की बचत के साथ फसल चक्र का बेहतर प्रबंधन भी संभव है।

फसल की कटाई और आकलन के दौरान आसपास के कई किसान भी मौजूद रहे। उन्होंने दोनों पद्धतियों से तैयार फसल का प्रदर्शन देखा और उनके व्यावहारिक लाभों की जानकारी ली। किसान पांडेय ने सीधी बुवाई को अपनाने में तकनीकी सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आईसार्क की टीम के सदस्य डॉ. दिलवर सिंह, गोविंद सिंह और उदय सिंह का आभार जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782079 Articles

Share this story