गौमाता के लिए शुरू हुई एंबुलेंस सेवा

WhatsApp Channel Join Now
गौमाता के लिए शुरू हुई एंबुलेंस सेवा


हाथरस, 20 अगस्त (हि.स.)। गौरक्षा और गौसेवा के लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध नजर आती है। इसीलिए कस्बा देहात के कई गौ सेवक गौ सेवा में जी जान से जुटे हैं। कस्बे के गौ सेवक दिव्यांश शर्मा के प्रयास से गौ सेवा के लिए गौ एंबुलेंस की शुरुआत हुई है।

बुधवार को गौ सेवा आयोग सदस्य रमाकांत उपाध्याय ने पूजन कर गौ एंबुलेंस की शुरुआत की। रमाकांत उपाध्याय ने इससे पहले श्याम उपवन मंडी समिति गौशाला का निरीक्षण कर संचालकों को जरूरी निर्देश देते हुए गौवंशों के खानपान, देखरेख के बारे में खास निर्देश दिए। गौ एंबुलेंस के संचालन के लिए अलीशा जीव आश्रय ट्रस्ट द्वारा दिव्यांश शर्मा को सचिव बनाया गया है।

इनकी देखरेख में गौ एंबुलेंस का संचालन होगा। एंबुलेंस की सेवा अलीशा जीव आश्रय ट्रस्ट द्वारा संचालित है। गौ एंबुलेंस की शुरुआत के बाद दुर्घटना के शिकार होने वाले गोवंशों को उपचार के लिए तत्काल बरसाना ले जाया जाएगा। इसके अलावा अन्य बेजुबान जीवों का रेस्क्यू कर उन्हें अलीशा जीव शेल्टर शिकोहाबाद भेजा जाया करेगा। गौ सेवक दिव्यांश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया है कि वह प्रत्येक माह बीमार, घायल दर्जनों गोवंश को विभिन्न माध्यमों से गौशाला छोड़कर आते हैं। कई बार वाहन का प्रबंध करने में देरी हो जाती है और गोवंशों की जान चली जाती है। गौ एंबुलेंस की शुरुआत होने के बाद गोवंश के उपचार और उनकी जान बचाने में बड़ी मदद मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766329 Articles

Share this story