गैस पाइपलाइन के सर्विस रेगुलेटर बोर्ड में जेसीबी की टक्कर से लगी आग, दो लोग झुलसे
जौनपुर, 25 फरवरी (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित नगर कोतवाली थाना अंतर्गत सिपाह चौकी के चाचकपुर मोहल्ले में बुधवार को अडानी गैस पाइपलाइन के सर्विस रेगुलेटर बोर्ड में जेसीबी की टक्कर से भीषण आग लग गई। इस घटना में दो लोग आंशिक रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
फूल मंडी में जेसीबी की टक्कर से गैस पाइपलाइन में तीव्र रिसाव शुरू हो गया था। अडानी समूह के कर्मचारियों द्वारा लापरवाही से रिसाव को बंद करने के प्रयास के दौरान आग लग गई।आग इतनी भीषण थी कि यह पास में स्थित बांस की कोठ में भी फैलने लगी। सूचना मिलने पर फायर स्टेशन चौकियां से अग्निशमन अधिकारी नागेन्द्र द्विवेदी के नेतृत्व में टीम तुरंत मौके पर पहुंची।अग्निशमन कर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर फायर एक्सटिंग्युशर, बुलेट और बाल्टी की सहायता से आग को पूरी तरह बुझाया। इसके बाद, अडानी ग्रुप के कर्मचारियों ने गैस लीकेज को भी पूर्ण रूप से बंद कर दिया। हालांकि इस दौरान कोई बड़ी घटना नहीं हुई। झुलसे लोग भी सुरक्षित हैं। अग्नि शमन अधिकारी नागेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि जैसे ही इसकी जानकारी मिली अग्नि शमन विभाग के लोगों ने आग पर काबू पा लिया। दो लोग हल्का झुलसे हुए हैं उनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनकी हालत सामान्य है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

