गैस सिलेंडर और कुकर में विस्फोट से घर में लगी आग, सामान जलकर राख

WhatsApp Channel Join Now
गैस सिलेंडर और कुकर में विस्फोट से घर में लगी आग, सामान जलकर राख


कानपुर, 18 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में घाटमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आछी मोहाल पश्चिमी क्षेत्र में गुरुवार को एक घर में खाना बनाते समय अचानक हुए विस्फोट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई।

मोहल्ला निवासी रियाजुल के घर में सुबह पत्नी आमना रसोई में खाना बना रही थी। इसी दौरान गैस सिलेंडर और प्रेशर कुकर में जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। विस्फोट के बाद रसोई से निकली आग तेजी से घर के अन्य हिस्सों में फैल गई। परिजनों के अनुसार आमना घटना से कुछ क्षण पहले ही रसोई से बाहर आई थीं। इसी वजह से वह हादसे की चपेट में आने से बच गईं। यदि उस समय वह अंदर मौजूद रहतीं तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास के मकानों को नुकसान नहीं पहुंचा। हालांकि आग लगने से घर में रखा घरेलू सामान, उपयोगी वस्तुएं तथा घर के भीतर खड़ी एक मोटरसाइकिल पूरी तरह जल गई। परिवार को हजारों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

घाटमपुर थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर भेजा गया था। संयुक्त कार्रवाई के बाद आग पर काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में गैस सिलेंडर से हादसा होने की बात सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story