गैस सिलेंडर फटने से बच्चे की मौत, परिजन घायल
बागपत, 04 जून (हि.स.)। बागपत के बड़ौत इलाके में आग लगने से दर्दनाक हादसा हो गया। पठानकोट मोहल्ले में देर रात गैस सिलेंडर से आग लग गयी। आग लगने से चार साल के मासूम बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गयी। हादसे में परिवार के कई लोग झुलस गए।
मिली जानकारी के अनुसार घर में चाय बनाते वक्त अचानक गैस सिलेंडर से लीकेज हुआ और आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पास में रखे छोटे सिलेंडर को भी अपनी चपेट में ले लिया। हालात ऐसे बने कि घर में मौजूद लोग जान बचाकर बाहर भागने लगे।
इसी अफरा-तफरी के बीच चार वर्षीय जैद नजर नहीं आया। जब परिजन उसे खोजने के लिए दोबारा घर के अंदर पहुंचे तो वह डर के मारे चारपाई के नीचे छिपा हुआ मिला। बच्चे को बचाने की कोशिश में परिवार के कई सदस्य आग की चपेट में आकर झुलस गए।
गंभीर हालत में बच्चे को दिल्ली ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान गुरुवार को उसकी मौत हो गई ।
हादसे के बाद इलाके में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। वहीं, परिजनों ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। बड़ौत कोतवाली प्रभारी दीक्षित त्यागी का कहना है कि रात में आग लगने की घटना हुई थी जिसमें इलाज के दौरान एक बच्चे की मौत हो गई है। कई अन्य लोग भी झुलस गए । उनका इलाज कराया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

