कानपुर में बढ़ा गंगा का जलस्तर, बैराज पर चेतावनी स्तर के करीब पहुंचा

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर में बढ़ा गंगा का जलस्तर, बैराज पर चेतावनी स्तर के करीब पहुंचा


कानपुर में बढ़ा गंगा का जलस्तर, बैराज पर चेतावनी स्तर के करीब पहुंचा


कानपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की आशंका को देखते हुए कानपुर में पुलिस-प्रशासन सतर्क है। बुधवार को बाढ़ नियंत्रण कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार कानपुर बैराज के अपस्ट्रीम में जलस्तर 113.570 मीटर और डाउनस्ट्रीम में 113.420 मीटर दर्ज किया गया। बैराज से 2,91,413 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया है। अपस्ट्रीम का जलस्तर चेतावनी स्तर 114 मीटर से 43 सेंटीमीटर नीचे है, जबकि खतरे का स्तर 115 मीटर निर्धारित है।

शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर 112.180 मीटर दर्ज किया गया। यहां चेतावनी स्तर 113 मीटर और खतरे का स्तर 114 मीटर है। वहीं हरिद्वार बैराज से 1,18,622 क्यूसेक और नरौरा बैराज से 1,15,137 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया है।

गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी को देखते हुए नदी किनारे के संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी की जा रही है। घाटों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति का जायजा ले रही हैं।

जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और जोखिम वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की जा रही है। जलस्तर बढ़ने की स्थिति में प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए राहत और बचाव व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story