गंगा का जलस्तर फिर बढ़ा, बैराज पर चेतावनी निशान से 32 सेमी ऊपर पानी

WhatsApp Channel Join Now
गंगा का जलस्तर फिर बढ़ा, बैराज पर चेतावनी निशान से 32 सेमी ऊपर पानी


कानपुर, 28 अगस्त (हि.स.)। गंगा के जलस्तर में शुक्रवार को फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई। कानपुर बैराज के अपस्ट्रीम में पानी 114.320 मीटर पहुंच गया, जो चेतावनी स्तर से 32 सेंटीमीटर अधिक है। गुरुवार को यह 114.300 मीटर था। इसी तरह डिस्चार्ज भी 3,70,392 से बढ़कर 3,72,630 क्यूसेक हो गया। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रशासन गंगा के जलस्तर की लगातार निगरानी कर रहा है और संबंधित विभागों को अलर्ट रखा गया है।

फ्लड कंट्रोल ऑफिस की जारी रिपोर्ट के अनुसार बैराज के डाउनस्ट्रीम में जलस्तर 114.110 मीटर रहा। गुरुवार को यह 114.130 मीटर था, यानी 2 सेंटीमीटर की कमी दर्ज हुई। खतरे का निशान 115 मीटर है।

शुक्लागंज में भी जलस्तर बढ़ा है। गुरुवार को 112.800 मीटर के मुकाबले आज गंगा का जलस्तर 112.840 मीटर दर्ज किया गया। यहां चेतावनी स्तर 113 और खतरे का निशान 114 मीटर है।

उधर हरिद्वार बैराज से पानी का डिस्चार्ज 69,089 से बढ़कर 71,202 क्यूसेक हो गया। वहीं नरौरा बैराज से डिस्चार्ज 1,10,176 से घटकर 96,219 क्यूसेक रह गया। प्रशासन की ओर से गंगा किनारे के क्षेत्रों में निगरानी जारी रखी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story