गंगा का जलस्तर 25 सेंटीमीटर घटा, चेतावनी बिंदु से नीचे आया पानी

WhatsApp Channel Join Now
गंगा का जलस्तर 25 सेंटीमीटर घटा, चेतावनी बिंदु से नीचे आया पानी


कानपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। गंगा के जलस्तर में मंगलवार को गिरावट दर्ज की गई। कानपुर बैराज के अपस्ट्रीम में पानी का स्तर सोमवार के मुकाबले 25 सेंटीमीटर घटकर 113.980 मीटर पर पहुंच गया। इससे जलस्तर चेतावनी बिंदु 114 मीटर से दो सेंटीमीटर नीचे आ गया है। डाउनस्ट्रीम में भी 24 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई। शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर 23 सेंटीमीटर कम हुआ है। हालांकि, गंगा के जलस्तर में गिरावट के बावजूद प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

अपस्ट्रीम में सोमवार को गंगा का जलस्तर 114.230 मीटर दर्ज किया गया था, जो मंगलवार को घटकर 113.980 मीटर रह गया। सोमवार को पानी चेतावनी बिंदु से 23 सेंटीमीटर ऊपर था, जबकि मंगलवार को यह दो सेंटीमीटर नीचे पहुंच गया। डाउनस्ट्रीम में सोमवार को जलस्तर 113.820 मीटर था, जो मंगलवार को घटकर 113.580 मीटर हो गया। बैराज से पानी का बहाव भी कम हुआ है। सोमवार को 3,62,559 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था, जबकि मंगलवार को यह घटकर 3,34,710 क्यूसेक रह गया। इस तरह बहाव में 27,849 क्यूसेक की कमी दर्ज की गई।

उधर, शुक्लागंज में भी गंगा का जलस्तर लगातार घट रहा है। सोमवार को यहां जलस्तर 112.790 मीटर दर्ज किया गया था, जो मंगलवार को घटकर 112.560 मीटर रह गया। यहां चेतावनी बिंदु 113 मीटर और खतरे का निशान 114 मीटर है। मौजूदा जलस्तर चेतावनी बिंदु से 44 सेंटीमीटर नीचे है। बाढ़ नियंत्रण कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार, कानपुर बैराज और शुक्लागंज दोनों जगह जलस्तर में गिरावट का रुख बना हुआ है।

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने गंगा के जलस्तर और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की प्राथमिकता निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा और जरूरत पड़ने पर राहत संबंधी इंतजाम सुनिश्चित करना है। जलस्तर में उतार-चढ़ाव को देखते हुए संबंधित विभागों को सतर्क रहने की जरूरत है।

वहीं, हरिद्वार बैराज से 36,245 क्यूसेक और नरौरा बैराज से 43,023 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story