गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से नीचे, सतर्कता बनाए रखें : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से नीचे, सतर्कता बनाए रखें : जिलाधिकारी


कानपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में गंगा नदी का जलस्तर फिलहाल सुरक्षित है और चेतावनी बिंदु व खतरे के निशान से नीचे है। वर्षा को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और जलस्तर बढ़ने या जलभराव की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यह बातें सोमवार को जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने कहीं।

जिलाधिकारी सोमवार को सदर तहसील के कटरी क्षेत्र स्थित ग्राम चैनपुरवा पहुंचकर गंगा नदी के जलस्तर और संभावित जलभराव से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने गांव में वर्षा की स्थिति और प्रशासन की तैयारियों के संबंध में जानकारी ली। ग्राम प्रधान रवि निषाद ने बताया कि इस वर्ष अभी तक गांव में जलभराव की स्थिति नहीं बनी है और फिलहाल हालात सामान्य हैं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गंगा के जलस्तर की जानकारी लेने के साथ नावों और नाविकों की उपलब्धता की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्य के लिए उपलब्ध संसाधनों के बारे में पूछा और आवश्यकता पड़ने पर सभी व्यवस्थाएं तत्काल सक्रिय करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को गंगा के जलस्तर और कटरी क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि जलस्तर बढ़ने या किसी स्थान पर जलभराव की स्थिति बनने पर बिना देरी के आवश्यक कदम उठाए जाएं और प्रभावित लोगों तक राहत एवं बचाव की सुविधाएं पहुंचाई जाएं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में किसी प्रकार की चिंताजनक स्थिति नहीं है, लेकिन बारिश के मौसम को देखते हुए लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। सभी संबंधित विभागों को अपने स्तर से तैयारियां दुरुस्त रखने और नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी सदर अनुभव सिंह तथा तहसीलदार सदर विनय कुमार द्विवेदी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story