गंगा में स्नान करने गये किशोर की डूबकर मौत

WhatsApp Channel Join Now
गंगा में स्नान करने गये किशोर की डूबकर मौत


फ़तेहपुर, 16 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शनिवार की सुबह गंगा नदी में स्नान करने गया किशोर नहाते समय गहरे पानी में चला गया और डूब कर मौत हो गई। उसे बचाने गए परिवार के तीन अन्य सदस्य भी नदी में फंस गए। जिनकी स्थानीय लोगों की सतर्कता और बहादुरी से जान बचा ली गई।

सुल्तानघोष थाना क्षेत्र के खरगूपुर बरगला गांव निवासी रत्नेश कुमार(13) पुत्र राजू अपनी दादी रामकली, चाचा श्यामकाली तथा चचेरे भाई-बहन अंश, शिवम और शिवानी के साथ आज सुबह गंगा स्नान करने गया था। स्नान के दौरान रत्नेश अचानक गहरे पानी में चला गया और वह डूबने लगा। उसे बचाने के लिए अंश, शिवम और शिवानी भी नदी में उतर गए, लेकिन वे भी गहराई में फंस गए।

घाट पर मौजूद लोगों ने तुरंत नदी में छलांग लगाकर अंश, शिवम और शिवानी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया लेकिन रत्नेश तेज बहाव और गहराई में समा गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में चीख-पुकार शुरू हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे तक तलाश अभियान चलाया गया। बाद में रत्नेश का शव नदी से बरामद कर लिया गया। थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

Share this story